scorecardresearch

Dausa Railway Station Incident: चलती ट्रेन में चढ़ते समय पटरी के बीच गिरी महिला, RPF जवान की मुस्तैदी ने बचाई जान, वीडियो वायरल

सत्संग के लिए राजस्थान जा रही एक महिला पानी भरने के लिए रेलवे स्टेशन पर उतरी थी, जिसके बाद ट्रेन चल पड़ी. चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह पटरी के बीच गिर गई. इस घटना पर तुरंत एक्शन मोड में आए आरपीएफ अधिकारी ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए महिला की जान को बचा लिया है. हालांकि महिला को गंभीर चोटें भी आई हैं.

दौसा रेलवे स्टेशन दौसा रेलवे स्टेशन

राजस्थान के दौसा रेलवे स्टेशन पर बरेली एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला का पैर फिसल गया. इसके बाद महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच पटरी पर गिर गई. इस दौरान मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान ने बिना समय गंवाए दौड़कर महिला को बचाने का प्रयास किया. हादसे में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आईं. स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पानी भरने के लिए उतरना महिला के लिए पड़ा भारी
RPF ने बताया कि घायल महिला की पहचान गायत्री देवी (35), पत्नी रवि कुमार, निवासी रहमतगंज, तहसील शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. वह अपने परिवार और अन्य श्रद्धालुओं के साथ जयगुरुदेव सत्संग में शामिल होने के लिए रामपुर से जयपुर जा रही थीं. उनका आरक्षण बरेली एक्सप्रेस के S-4 कोच की सीट संख्या 19 पर था. दौसा स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान गायत्री देवी पानी की बोतल भरने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरी थीं. इसी बीच ट्रेन चल पड़ी. जल्दबाजी में महिला ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगीं. उसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गईं.

महिला की जान तो बच गई, लेकिन चेहरे पर आई गंभीर चोट
घटना के समय RPF के उप निरीक्षक उदयवीर सिंह स्टेशन पर गश्त कर रहे थे. महिला को गिरते देख उन्होंने तुरंत दौड़कर उसे पकड़ने का प्रयास किया. साथ ही ट्रेन में सवार यात्रियों को आवाज लगाकर चेन पुलिंग करने के लिए कहा, जिससे ट्रेन को तुरंत रोका जा सका. इसके बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया. हादसे में महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. RPF ने तुरंत महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी. पूरे घटनाक्रम के दौरान महिला को सुरक्षित निकालने और उपचार की व्यवस्था करने के कारण बरेली एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक दौसा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही. इस दौरान यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा.
 

ये भी पढ़ें