1.53 करोड़ की लुट का मामला पुलिस ने सुलझाया
1.53 करोड़ की लुट का मामला पुलिस ने सुलझाया
राजकोट में 1.53 करोड़ रुपये की लूट और व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी अनुराग सिंह राजपूत के साथ एनकाउंटर की घटना सामने आई है. हथियार बरामद करने के लिए की जा रही कार्रवाई के दौरान आरोपी ने क्राइम ब्रांच की टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी. जवाब में क्राइम ब्रांच के PSI वनराज सिंह डोडिया ने एक राउंड गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
हथियार की बरामदगी के दौरान हुई गोलीबारी
पुलिस लूट और हत्या की वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त करने के लिए जांच कर रही थी. इस दौरान क्राइम ब्रांच की टीम लालजी सरधारा हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश में जुटी थी. पुलिस पहले ही वारदात में इस्तेमाल किया गया एक हथियार बरामद कर चुकी थी, लेकिन आरोपी अनुराग सिंह राजपूत ने एक अन्य हथियार छिपाकर रखा था. इसकी जानकारी पुलिस को नहीं थी. छिपाए गए हथियार को बरामद करने के लिए पुलिस एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले आर.के. इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए हथियार से क्राइम ब्रांच की टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुए हमले के बाद PSI वनराज सिंह डोडिया ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक राउंड फायर किया. गोली लगने से अनुराग सिंह राजपूत घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया.
व्यापारी पर अनुराग सिंह ने चलाई थी गोली
गौरतलब है कि 1.53 करोड़ रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने आए आरोपियों में से अनुराग सिंह राजपूत ने ही व्यापारी पर फायरिंग की थी. इस गोलीबारी में व्यापारी की मौत हो गई थी. इसी मामले में पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था.
लूट और हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था. अदालत ने सभी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने की मंजूरी दी थी. रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए जांच कर रही थी. इसी कार्रवाई के दौरान छिपाए गए हथियार को बरामद करने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
पुलिस पर हमले के मामले में भी दर्ज होगा केस
पुलिस पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने की घटना के बाद आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में सरकारी काम में बाधा डालने और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें