पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी युवक
सहारनपुर के थाना तीतरों पुलिस ने फर्जी कागजात तैयार कर धोखाधड़ी के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार उर्फ आदित्य राज को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 से पकड़ में लिया गया.
आरोपी के खिलाफ 18 फरवरी 2026 को धर्मवीर की तहरीर पर धोखाधड़ी समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था. आरोप है कि रक्षा मंत्रालय, दिल्ली छावनी में बड़े स्तर पर कारोबार और टेंडर दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹15 लाख 69 हजार 500 रुपए लिए गए, इसके बाद फर्जी कागजात तैयार कर धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है.
हुआ ₹11 लाख का बैंक ट्रांस्फर, आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम
पूछताछ के दौरान अमित कुमार उर्फ आदित्य राज का नाम सामने आया. पुलिस जांच में उसके एक्सिस बैंक खाते में 6 दिसंबर 2024 को ₹8 लाख और 7 दिसंबर 2024 को ₹3 लाख ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई.
आरोपी के खिलाफ 16 जून 2026 को न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था. गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस टीम ने 30 सितंबर 2026 को रोहिणी सेक्टर-16 से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
टेंडर दिलाने के नाम पर की ठगी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि धर्मवीर को रक्षा मंत्रालय, दिल्ली छावनी में कारोबार और टेंडर दिलाने के नाम पर विश्वास में लिया गया था. इसी दौरान उससे अलग-अलग माध्यमों से रकम ली गई. जिसमें ₹8 लाख और ₹3 लाख उसके बैंक खाते में पहुंचे थे. आरोपी ने पुलिस के सामने खाते में रकम आने की बात स्वीकार की है.
गिरफ्तार आरोपी अमित पुत्र इन्द्राज सिंह वर्तमान में रोहिणी सेक्टर-16 दिल्ली में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता गांव तुसोरी, थाना कैराकत, जिला जौनपुर है. पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया,आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.