scorecardresearch

Samastipur Free Cancer Screening Camp: समस्तीपुर में 21 से 25 जुलाई तक मुफ्त कैंसर जांच अभियान, मोबाइल वैन में मिलेंगी मैमोग्राफी और ब्लड टेस्ट सुविधाएं

समस्तीपुर में महावीर संस्थान और रोटरी इंटरनेशनल ने 21 से 25 जुलाई तक मुफ्त कैंसर जांच अभियान शुरू किया है. अत्याधुनिक मोबाइल डिटेक्शन वैन में मैमोग्राफी, एक्स-रे और ब्लड टेस्ट की सुविधा मिलेगी. शुरुआती जांच में कैंसर की आशंका मिलने पर महावीर कैंसर संस्थान में नि:शुल्क इलाज भी कराया जाएगा.

Samastipur Free Cancer Screening Camp Samastipur Free Cancer Screening Camp

कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए महावीर संस्थान और रोटरी इंटरनेशनल की ओर से समस्तीपुर में पांच दिवसीय निःशुल्क कैंसर खोज एवं जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. अत्याधुनिक उपकरणों से लैस मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन का फीता काटकर महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल ने शिविर का उद्घाटन किया. इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की जांच सेवाएं शुरू कर दी गईं. यह शिविर 21 जुलाई से 25 जुलाई तक जिले के अलग-अलग प्रखंडों में आयोजित किया जाएगा. इस दौरान जांच, दवा और जरूरी परामर्श पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.

महिलाओं के कैंसर की होगी विशेष जांच
महावीर कैंसर संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग कर रही है. जांच के साथ लोगों को कैंसर से बचाव और समय पर पहचान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है. पहले ही दिन आयोजित शिविर में 300 से अधिक महिलाओं ने अपनी जांच कराई.

इन प्रखंडों में पहुंचेगी मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन
समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी और सायन कुणाल की पहल पर कैंसर जांच सुविधाओं से लैस यह मोबाइल वैन जिले के सर्किट हाउस, ताजपुर, पूसा, कल्याणपुर और वारिसनगर में जांच करेगी. इसके बाद दूसरे चरण में रोसड़ा, कुशेश्वरस्थान और हायाघाट में भी शिविर लगाए जाएंगे. यह बिहार की पहली मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन है, जिसमें अत्याधुनिक तकनीक से लैस मशीनें लगाई गई हैं.

एक ही वैन में मिल रही कई जांच सुविधाएं
मोबाइल वैन में मैमोग्राफी, एक्स-रे, ब्लड टेस्ट सहित कई महत्वपूर्ण जांच मिनटों में की जा रही हैं. महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल ने बताया कि अधिकतर मरीजों को कैंसर की जानकारी अंतिम चरण में मिलती है, जबकि यदि पहले या दूसरे स्टेज में बीमारी का पता चल जाए तो इलाज की संभावना काफी बढ़ जाती है. उन्होंने बताया कि शिविर में पांच डॉक्टर और 14 नर्सिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं. यदि शुरुआती जांच में किसी व्यक्ति में कैंसर की आशंका मिलती है तो उसे महावीर कैंसर संस्थान बुलाकर आगे की जांच और इलाज भी नि:शुल्क कराया जाएगा.
विशेषज्ञ बोले- समय पर जांच ही सबसे बड़ा बचाव

महावीर कैंसर संस्थान के अधीक्षक डॉ. एल.बी. सिंह ने बताया कि यह समस्तीपुर में पहली बार आयोजित किया गया ऐसा शिविर है. उन्होंने कहा कि बिहार की पहली मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन में मैमोग्राफी, स्क्रीनिंग, एक्स-रे और ब्लड जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और भीड़ अधिक होने पर भी रिपोर्ट उसी दिन मरीजों को दे दी जाती है.

वहीं महावीर संस्थान के डॉ. अमित कुमार ने कहा कि कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय रहते इसकी पहचान करना है. उन्होंने लोगों से नियमित स्क्रीनिंग कराने की अपील की. उनके मुताबिक, ब्रेस्ट में गांठ होने पर मैमोग्राफी, छाती में किसी दाग की स्थिति में एक्स-रे और अन्य बायोलॉजिकल टेस्ट इसी वैन में किए जा सकते हैं. महिला चिकित्सकों, पैथोलॉजी और सर्जरी विशेषज्ञों की टीम मौके पर मौजूद है. उन्होंने कहा कि यह जांच शिविर समस्तीपुर के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा.

ये भी पढ़ें