Singrauli Crime New
Singrauli Crime New
सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में कार के अंदर मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि यह मामला सिर्फ प्रेम संबंधों तक सीमित नहीं था, बल्कि रिश्ते में मामी और भांजे के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग का दर्दनाक अंत था. पुलिस के मुताबिक, मृतक लगातार शादी का दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर महिला ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी महिला प्रिया गुप्ता, पति स्वर्गीय सुनील गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है.
कार में मिला था शव, भाई की शिकायत से खुली पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, मृतक सत्यप्रकाश गुप्ता के भाई राहुल गुप्ता उर्फ संजय, निवासी भगत सिंह कॉलोनी ने थाना मोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे उनका भाई उनकी मारुति सुजुकी एस-प्रेसो (UP64 AU 6989) की चालक सीट पर पड़ा हुआ है. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही मोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी.
दो साल से थे प्रेम संबंध, शादी की जिद बनी हत्या की वजह
जांच के दौरान पुलिस ने प्रिया गुप्ता को आरोपी के रूप में चिन्हित किया. पूछताछ में सामने आया कि प्रिया गुप्ता और सत्यप्रकाश गुप्ता के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे. दोनों रिश्ते में मामी और भांजे थे. पुलिस के मुताबिक, सत्यप्रकाश लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और आखिरकार महिला ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
मामले की जांच में पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद ली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी गईं. पूछताछ और मिले साक्ष्यों से आरोपी महिला की भूमिका स्पष्ट हो गई. इसके बाद थाना मोरवा में अपराध क्रमांक 420/26 के तहत धारा 103(1) एवं 238(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया.
भाई को फोन कर गुमराह करने की भी कोशिश
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला आधी रात को सत्यप्रकाश को सहारा देकर उसकी कार तक ले जाती हुई दिखाई दी. इसके बाद उसी ने सुबह मृतक के भाई को फोन कर बताया कि सत्यप्रकाश कार में पड़ा है, ताकि मामले को दूसरी दिशा दी जा सके. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें