Ketan Agarwal Murder
Ketan Agarwal Murder
पुणे केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है. पुलिस का दावा है कि मंगेतर केतन को रास्ते से हटाने के लिए सिया और उसके प्रेमी चेतन ने मिलकर कई दिनों तक प्लानिंग की थी. पुलिस जांच के मुताबिक, 17 जून को केतन अग्रवाल की हत्या से एक दिन पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के थर्ड वेव कैफे में मिले थे. सीसीटीवी फुटेज में दोनों शाम करीब 4:35 बजे कैफे में प्रवेश करते और लगभग एक घंटे बाद बाहर निकलते दिखाई दिए हैं.
जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी मुलाकात के दौरान हत्या की पूरी साजिश तैयार की गई. पुलिस को पता चला कि सिया ने यूट्यूब पर लोहागढ़ किले के वीडियो सर्च किए थे और कैफे में बैठकर उसने कथित तौर पर लोकेशन से जुड़ी जानकारी चेतन को दी थी.
प्रेम संबंध में बाधा बन रहा था मंगेतर
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल का चेतन चौधरी के साथ अफेयर था. परिवार ने सिया की शादी में केतन अग्रवाल से तय की थी, लेकिन वह यह शादी नहीं करना चाहती थी. जांच में सामने आया कि सिया और चेतन, केतन को अपने रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा मानते थे. इसी वजह से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
पहली कोशिश नाकाम, फिर बनाया नया प्लान
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की योजना अचानक नहीं बनी थी. 31 मई को जब केतन और सिया लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे, तभी सिया के मन में हत्या का विचार आया. पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी दोनों ने केतन को लोहागढ़ ले जाकर मारने की कोशिश की थी. आरोप है कि उन्होंने सांप का डर दिखाकर उसे घाटी की ओर धकेलने की योजना बनाई, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो सका.
पहली कोशिश नाकाम होने के बाद सिया ने 19 जून को फिर से ट्रेकिंग का प्रोग्राम बनाया. पुलिस के मुताबिक, इस बार चेतन को भी मौके पर बुलाया. जांच में दावा किया गया है कि दोनों ने मिलकर केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह घटना हादसा लग रही थी, लेकिन सबूतों और पूछताछ के बाद यह साफ हो गया कि यह हत्या थी.
बाली ट्रिप और फटा हुआ पासपोर्ट भी जांच के घेरे में
केतन के परिवार ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले दोनों बाली घूमने जाने वाले थे. यात्रा की पूरी तैयारी हो चुकी थी, लेकिन रास्ते में सिया ने केतन से कहा कि उसका पासपोर्ट खो गया है, जिसके कारण ट्रिप कैंसिल करनी पड़ी. अधिकारियों का दावा है कि सिया ने होटल के वॉशरूम में अपना पासपोर्ट फाड़कर फेंक दिया था ताकि ट्रिप कैसिंल हो जाए.
परिवार के अनुसार, केतन सिया को खुश रखने के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में उसका जन्मदिन मनाने की तैयारी भी कर रहा था. उसने करीब 40 कमरे तक बुक कराए थे. यही नहीं, लोहागढ़ में प्री-वेडिंग फोटोशूट की प्लानिंग भी थी.
7 दिन की पुलिस रिमांड पर सिया चेतन
केतन मर्डर केस में उसकी मंगेतर सिया और सिया के बॉयफ्रेंड चेतन को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात दोनों से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, चेतन हत्या वाले दिन को नीरज का फोन लोहगढ़ किले ले गया था.
इनपुट- ओंकार वाबले