दिल्ली की बहादुर बेटी ने दिखाई बहादुरी
दिल्ली की बहादुर बेटी ने दिखाई बहादुरी
दिल्ली में जहां आए दिन स्नैचिंग की घटनाएं लोगों में डर पैदा करती हैं, वहीं मदनगीर की एक युवती ने हिम्मत और हौसले की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने न सिर्फ अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि जागरूक नागरिक चाहें तो अपराधियों को मौके पर ही सबक सिखा सकते हैं. दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर भागे दो बदमाशों को युवती ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोच लिया और अपना फोन वापस हासिल कर लिया.
झपट्टा मारकर निकले चोर...
जानकारी के अनुसार घटना 19 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे की है. 26 वर्षीय तनिष्का कालकाजी मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी. तनिष्का घर में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है. वह हनुमान मंदिर के पास बीआरटी रोड पर ऑटो के इंतजार में खड़ी थी, तभी स्कूटी पर सवार दो युवक अचानक आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए.
ई-रिक्शा से किया चोर का पीछा
आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन तनिष्का ने हिम्मत नहीं हारी. वह तुरंत बदमाशों के पीछे दौड़ी और फिर एक ई-रिक्शा ड्राइवर की मदद से उनका पीछा शुरू किया. इस बीच वह लगातार चोर-चोर शोर मचाती रही. कुछ ही देर में यह पीछा पीएसआरआई अस्पताल के पास जाकर खत्म हुआ, जहां पब्लिक के लोगों की मदद से स्कूटी को घेर लिया गया. इसके बाद युवती ने खुद आगे बढ़कर बदमाश के हाथ से अपना मोबाइल वापस छीन लिया.
दिल्ली पुलिस लड़की को करेगी सम्मानित
मामले की सूचना पुलिस को दी. खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष (28) और सनी (24) के रूप में हुई है. दोनों खानपुर के रहने वाले है. उनके कब्जे से मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली गई. पुलिस ने युवती की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और साहस समाज के लिए प्रेरणा है.
-अमरदीप कुमार की रिपोर्ट