Indigo Flight
Indigo Flight
सूरत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की दोपहर एक बड़ी लापरवाही और सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है. सूरत से गोवा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान एक यात्री ने अचानक विमान का इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया. इस घटना के बाद विमान के अंदर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया. इमरजेंसी गेट खुल जाने के कारण विमान की सुरक्षा जांच दोबारा करनी पड़ी और इसके चलते गोवा जाने वाली इस फ्लाइट ने निर्धारित समय से थोड़ी देरी से उड़ान भरी. हालांकि, गनीमत यह रही कि विमान हवा में नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
बोर्डिंग के दौरान हुई घटना
सूरत एयरपोर्ट पर यह घटना मंगलवार दोपहर लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच हुई. इंडिगो की फ्लाइट सूरत से गोवा के लिए उड़ान भरने की तैयारी में थी. विमान रनवे पर ग्राउंड पर ही था. यात्री एक-एक करके अपनी-अपनी सीटों पर बैठ रहे थे और क्रू मेंबर्स बोर्डिंग की तैयारियों में व्यस्त थे. इसी दौरान एक सिरफिरे या अनजान यात्री ने बिना किसी अनुमति या आपातकालीन स्थिति के इमरजेंसी एग्जिट गेट अचानक खोल दिया.
क्रू ने तुरंत संभाली स्थिति
जैसे ही इमरजेंसी गेट खुलने की भनक फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को लगी, उन्होंने तुरंत तत्परता दिखाई. क्रू मेंबर्स तुरंत उस सीट के पास पहुंचे, यात्री को पकड़ लिया और विमान के अन्य अधिकारियों को सूचना दी. सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने और अन्य यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में सीआईएसएफ और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया. इसके बाद आरोपी यात्री को सूरत के डुम्मस थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस अब यात्री से पूछताछ कर रही है कि उसने यह कदम जानबूझकर उठाया था या गलती से.
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने क्या कहा?
सूरत एयरपोर्ट के डायरेक्टर ए.एन. शर्मा ने आजतक से बातचीत में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब फ्लाइट ग्राउंड पर ही खड़ी थी और टेक-ऑफ की प्रक्रिया की ओर बढ़ रही थी. यात्री के इस कदम से सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ है. यात्री को तुरंत हिरासत में लेकर डुम्मस पुलिस को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा, 'विमान जमीन पर ही था. ऐसा नहीं था कि विमान टैक्सी कर रहा था या उड़ रहा था. बोर्डिंग चल रही थी और यात्री अपनी सीटों पर बैठ चुके थे. दरवाजा बंद करने की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी. जैसे ही यह मामला सामने आया, यात्री को विमान से उतार दिया गया.'
यात्री ने क्या सफाई दी?
ए.एन. शर्मा ने बताया कि यात्री का नाम जितेंद्र मणिया है. उन्होंने कहा, 'इंडिगो की फ्लाइट 6E 419' में यह घटना हुई. फ्लाइट उड़ नहीं रही थी. बोर्डिंग पूरी होने वाली थी. यात्री इमरजेंसी एग्जिट सीट के पास बैठा था. उसका कहना है कि 'मैं तो बस देखने गया था, हाथ लग गया और दरवाजा खुल गया.' इसके बाद उसे विमान से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया गया.' उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच सूरत से गोवा जाने वाली फ्लाइट में हुई.
(रिपोर्ट- संजय सिंह राठौर)
ये भी पढ़ें