लाखों की चोरी करने आया चोर गोदाम में ही सो गया
लाखों की चोरी करने आया चोर गोदाम में ही सो गया
सतना में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. आमतौर पर चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं, लेकिन यहां एक चोर वारदात को अंजाम देने के बाद गोदाम के अंदर ही गहरी नींद में सो गया. इसके बाद जो हुआ हैरान कर देने वाला था. चलिए आपको बताते हैं पूरी कहानी क्या है.
जानकारी के अनुसार, खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुए. उन्होंने एसी के आउटडोर यूनिट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे टीवी, एसी, कूलर समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोर लाखों रुपये का माल समेटकर ले गए.
गोदाम में ही सोता रहा चोर
इसी दौरान चोर गिरोह का एक सदस्य गोदाम के अंदर ही रुक गया. बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान उसे नींद आ गई और वह फर्श पर लेटकर गहरी नींद में सो गया. उसके अन्य साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि वह गोदाम के अंदर ही सोता रह गया. सुबह जब गोदाम संचालक बिहारी रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक अज्ञात युवक को सोता देखकर हैरान रह गए. उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी.
मामले की जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. प्रारंभिक जांच में उसके चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है. साथ ही चोरी गए सामान की सूची तैयार कर उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. चोरी की यह अनोखी घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग हैरान हैं कि लाखों रुपये की चोरी करने आया एक आरोपी अपनी ही लापरवाही के कारण पुलिस के शिकंजे में फंस गया.
रिपोर्टर: वैंकटेश द्विवेदी
ये भी पढ़ें: