scorecardresearch

'370 रुपए की बिरयानी' वाली बात कहने वाले युवक की नौकरी गई, सोशल मीडिया पर माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद

प्रणीत मोरे के शो में एक शख्स ने बताया कि वो एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने लड़की को 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी. लेकिन जब लड़की ने लड़के से कहा कि वो उसे घर छोड़ दे, तो लड़के ने कहा कि वो अपने 370 रुपये वसूलना चाहता है, जिसकी उसने लड़की को बिरयानी खिलाई थी.

Rs 370 Ki Biryani Row Rs 370 Ki Biryani Row

बीते दिनों कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ता. जहां ऑडियंस में बैठा एक लड़का '370 रुपये वसूल' जैसी बात बोलता है. यह घटिया जोक खूब वायरल हुआ और लोगों ने इसे भला-बुरा भी कहा. इस लड़के का नाम हिमांशु बताया जा रहा है. अब खबर है कि हिमांशु को नौकरी से निकाल दिया गया है.

कंपनी ने नौकरी से निकाला
हिमांशु गुरुग्राम की डिजाइन कंपनी स्टारविक डिजाइन में काम करता था. मामला सामने आने के बाद कंपनी के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिए गए बयान आपत्तिजनक हैं और कंपनी ऐसे विचारों का समर्थन नहीं करती. उन्होंने साफ किया कि इस तरह की सोच कंपनी की संस्कृति और मूल्यों के खिलाफ है. विवेक ने बताया कि कंपनी ने मामले की आंतरिक जांच भी की. महिला कर्मचारियों सहित कई टीम सदस्यों से बात की गई, लेकिन कार्यस्थल पर हिमांशु के खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली.

ऑफिस में व्यवहार ठीक, फिर भी लिया फैसला
कंपनी के मुताबिक, सहकर्मियों ने हिमांशु को प्रोफेशनल, मेहनती और सम्मानजनक व्यवहार वाला कर्मचारी बताया. इसके बावजूद कंपनी ने माना कि कार्यस्थल के बाहर की उसकी टिप्पणी का असर कंपनी की छवि और माहौल पर पड़ रहा है. इसी वजह से कंपनी ने हिमांशु से अलग होने का फैसला लिया.

संस्थापक बोले- गलती की सजा मिले
विवेक विश्वकर्मा ने अपने बयान में कहा कि कोई भी व्यक्ति गलती कर सकता है और उसे उसके परिणाम भी भुगतने चाहिए. लेकिन समाज को लोगों के सीखने और बदलने की गुंजाइश भी छोड़नी चाहिए. उन्होंने कहा कि 22 साल की उम्र में हुई यह गलती हिमांशु के भविष्य को लंबे समय तक प्रभावित करेगी. ऐसे में लोगों को जवाबदेही के साथ-साथ सुधार का अवसर भी देना चाहिए.

 

 

माफी मांगी, फिर अकाउंट किया डिएक्टिवेट
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी. हिमांशु ने कहा कि उसका इरादा किसी का अपमान करने का नहीं था. हालांकि लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ. लगातार बढ़ती आलोचना के बीच हिमांशु ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया. इसके बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आया.

सोशल मीडिया यूजर्स ने जताई नाराजगी
सोशल मीडिया पर कई लोग कंपनी संस्थापक की इस बात से सहमत नहीं दिखे. यूजर्स का कहना है कि महिलाओं के प्रति गलत सोच रखने वाले व्यक्ति के लिए सहानुभूति दिखाने की जरूरत नहीं है. कुछ लोगों ने कहा कि नौकरी से निकालना सही फैसला था. वहीं कई यूजर्स का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त संदेश देना जरूरी है ताकि महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को बढ़ावा न मिले.

क्या था पूरा मामला?
प्रणीत मोरे के शो में एक शख्स ने बताया कि वो एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने लड़की को 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी. लेकिन जब लड़की ने लड़के से कहा कि वो उसे घर छोड़ दे, तो लड़के ने कहा कि वो अपने 370 रुपये वसूलना चाहता है, जिसकी उसने लड़की को बिरयानी खिलाई थी. प्रणित के शो की ये क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई और इसे महिलाओं को लेकर इंसेंसिटिव और वल्गर बताया गया.

ये भी पढ़ें: