TOP HEADLINES OF TODAY: 4 अक्टूबर 2023 बुधवार की बड़ी खबरें
Asian Games में भारत अब तक 71 मेडल हासिल कर चुका है. इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स के किसी एक एडिशन में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का रिकॉर्ड बना लिया है.
TOP HEADLINES OF TODAY
- नई दिल्ली,
- 04 अक्टूबर 2023,
- (Updated 04 अक्टूबर 2023, 7:32 PM IST)
- प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि ईडी ने ये गिरफ़्तारी दिल्ली की विवादित शराब नीति में घोटाले को लेकर की है. इससे पहले ईडी ने संजय सिंह के आवास पर बुधवार सुबह छापेमारी की. करीब 10 घंटे की पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने AAP सांसद को गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले संजय सिंह के करीबियों के यहां भी छापे पड़े थे.
- चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे एशियन गेम्स में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. विश्व और ओलिंपिक चैंपियन नीरज ने एशियाड की भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारत के ही किशोर कुमार जेना ने इस ईवेंट का सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इन मेडल के सहारे भारत के कुल मेडल की संख्या 81 पहुंच गई है. इनमें 18 गोल्ड, 31 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज शामिल हैं. इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स के किसी एक एडिशन में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का रिकॉर्ड बनाया है. भारत ने इससे पहले साल 2018 में एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा 70 मेडल हासिल किए थे. आज भारत को 3 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत 12 मेडल मिल चुके हैं.
- सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस (LPG) कनेक्शन पाने वाली गरीब महिलाओं को दी जाने वाली सब्सिडी मौजूदा 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी है. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि उज्ज्वला लाभार्थियों को वर्तमान में प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर के लिए 703 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि बाजार मूल्य 903 रुपये है. केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के बाद, उन्हें अब 603 रुपये का भुगतान करना होगा.
- रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) में इस साल के नोबेल पुरस्कार की घोषणा कर दी है. रसायन विज्ञान में 2023 का नोबेल पुरस्कार Moungi G. Bawendi, Louis E. Brus और Alexei I. Ekimov को देने का फैसला किया गया है. इन लोगों को यह पुरस्कार क्वांटम डॉट्स की खोज और संश्लेषण के लिए के लिए दिया गया है.
- प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन गेमिंग केस में एक्टर रणबीर कपूर को तलब किया है. बॉलीवुड अभिनेता को महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में आगामी 6 अक्टूबर को पूछताछ के लिए ईडी के मुंबई दफ्तर में पेश होना है. बताया जा रहा है कि इस मामले में 15 से 20 सेलेब्रिटीज जांच एजेंसी के निशाने पर हैं. रणबीर महादेव ऑनलाइन गेमिंग ऐप का प्रमोशन कर रहे थे.
- लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और इनके बेटे तेजस्वी यादव, बेटी मीसा भर्ती समेत छह आरोपियों को जमानत मिल गई है. रेलवे में नौकरी के बदले जमीन से जुड़े मामले में इन आरोपियों को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बुधवार को जमानत मिली.
- दिल्ली की मेयर शैली ओबरॉय को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट में बताया कि उन्होंने शैली ओबराय को विदेश यात्रा करने की अनुमति दे दी है. शैली ओबरॉय ने एक सम्मेलन में शामिल होने के लिए ब्रिस्बेन (ऑस्ट्रेलिया) जाने की इजाज़त देने का निर्देश जारी करने की मांग की थी. मेयर ने विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने पर हाईकोर्ट में अर्ज़ी दाखिल की थी.
- उत्तर प्रदेश के चर्चित आईएएस अभिषेक सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. अभिषेक सिंह ने गुजरात विधानसभा में ऑब्जर्वर की ड्यूटी के दौरान कार के आगे फोटो खिंचवाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया था जिससे काफी चर्चा में आए थे. अभिषेक सिंह 2010 बैच से उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के पति भी हैं. अभिषेक सिंह ने साल 2011 में यूपीएससी परीक्षा में 94वीं रैंक हासिल की थी.
- सुप्रीम कोर्ट ने सतलुज-यमुना लिंक नहर विवाद मामले पर पंजाब सरकार से सहयोग करने को कहा है. बुधवार को मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस संजय किशन कौल की अध्यक्षता वाली बेंच ने सख़्त लहजे में कहा कि पंजाब सरकार को सहयोग करना होगा. कोर्ट ने कहा- आप मिलकर मामले का हल निकालें, हमें कोई सख्त आदेश जारी करने पर मजबूर न करें.'
- नांदेड़ के एक सरकारी अस्पताल के कार्यवाहक डीन से गंदे शौचालय साफ कराने के मामले में शिवसेना सांसद हेमंत पाटिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है. इस अस्पताल में 48 घंटों में 31 मरीजों की मौत हो गई थी. पुलिस के अनुसार, कार्यवाहक डीन एसआर वाकोडे की शिकायत के बाद लोक सेवक को उसके काम में बाधा डालने और उसे बदनाम करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
- शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेश' से डेब्यू करने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस गायत्री जोशी की कार इटली में हादसे का शिकार हो गई. इस दौरान वह अपने पति विकास ओबेरॉय के साथ लेम्बोर्गिनी में सफर कर रही थीं. हादसा इटली के सार्डिनिया के एक इलाके में हुआ. गायत्री की कार के आगे-पीछे कई अन्य लग्जरी गाड़ियां भी चल रही थीं. एक मिनी ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी गाड़ी ने एक फरारी को टक्कर मार दी, जो साथ चल रहे मिनी ट्रक से टकरा गई. टक्कर से मिनी ट्रक पलट गया और फरारी में आग लग गई. इस हादसे में एक स्विस दंपति की मौत की खबर है.
- सिक्किम के उत्तर में ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई. तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसकी वजह से 23 जवान लापता हो गए हैं. सेना के प्रवक्ता के मुताबिक झील के ऊपर 3-4 सितंबर की दरमियानी रात बादल फटा, इसके बाद लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई. नदी के पास वाले इलाके में ही सेना का कैंप था, जो बाढ़ की चपेट में आने से बह गया. इस घटना में 41 वाहन फंसे हुए हैं.