
ट्रेन लेट
ट्रेन लेट
ठंड और कोहरे से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो रखा है. कोहरे के चलते ट्रेन में सफर करने वाले लोगों को ढेरों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आपको तमाम हैरान और परेशान चेहरे दिखाई पड़ जाएंगे. परेशान वो भी हैं जो सफर करके दिल्ली पहुंच गए हैं और परेशान वो भी हैं जिन्हें दिल्ली से सफर शुरू करना है. कोहरे के चलते ट्रेन 2 से 5 घंटे की देरी से चल रही है. आज भी 21 से ज्यादा ट्रेन लेट हैं और 2 दर्जन से ज्यादा ट्रेन कैंसिल हो गई हैं. सबसे ज्यादा असर उत्तर रेलवे लाइन पर देखने को मिल रहा है.
ऐसे ही कई यात्री लंबा सफर कर या तो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं या कोहरे के चलते लेट हुई ट्रेन का प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे हैं. पटना से चलकर दिल्ली पहुंची बीना देवी और उनके परिवार के लोगों के चेहरे पर थकान साफ दिखाई पड़ रही है. बीना देवी का कहना है कि उनकी ट्रेन 5 घंटे देरी से दिल्ली पहुंची है. वह संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से आई हैं. बीना देवी बताती हैं कि ट्रेन लेट होने से टॉयलेट में पानी खत्म हो गया था और ट्रेन में गंदगी का अंबार लग गया था हमारे पास खाने-पीने का इंतजाम भी ठीक-ठाक नहीं था, अब बस कोशिश यही है कि जल्दी से घर पहुंच जाएं.

बच्चों के साथ ट्रैवल करने वाले यात्री परेशान
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विनय कुमार अपने परिवार के साथ बैठे हैं. कोविड संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन खुले में ही अपने बच्चों को खाना खिलाने के लिए मजबूर हैं. विनय कुमार रांची से चले थे और उन्हें भटिंडा पहुंचना है. विनय के साथ उनकी पत्नी 8 महीने का बेटा और 3 साल की बेटी है. रांची से वो बाबा बैजनाथ धाम आनंद विहार स्पेशल ट्रेन से चले थे जो 3 घंटे लेट थी. दिल्ली से उन्हें नांदेड़ श्री गंगानगर एक्सप्रेस पकड़ कर भटिंडा पहुंचना है जो फिलहाल साढ़े 5 घंटे लेट है. हालांकि विनय कुमार बताते हैं कि छोटे बच्चे साथ होने की वजह से वह खाने पीने का अच्छा खासा सामान लेकर चले थे लेकिन भटिंडा अगर वह देर रात पहुंचे तो उन्हें स्टेशन से अपने घर पहुंचने में दिक्कत हो जाएगी.
घंटों लेट चल रही हैं ट्रेन
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही शाहा परिवार सुबह से बैठा है यह लोग कोलकाता से दिल्ली आए हैं. इन्हें अब दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए संपूर्ण क्रांति पकड़नी थी लेकिन ट्रेन फिलहाल 3 घंटे लेट दिखा रही है. शाहा परिवार का कहना है कि कोलकाता से वह फ्लाइट से दिल्ली आए हैं चंडीगढ़ में एक पारिवारिक फंक्शन में हिस्सा लेना है सोचा था टाइम से पहुंच जाएंगे लेकिन अब तो पता नहीं कब ट्रेन आएगी और हम कब पहुंचेंगे.