scorecardresearch

Viral Video: नशे में धुत महिला गिरी नाले में, लोगों ने की बचाने की कोशिश... तो करने लगी हाई वोल्टेज ड्रामा, युवकों को दी गालियां

नशे में धुत एक विदेशी महिला ने हाईवोल्टेज ड्रामा किया. दरअसल वह नशे की हालत में नाले में गिर गई थी. जब लोगों ने बचाने की कोशिश की तो वह गाली- गलौज करने लगी.

Advertisement
महिला को बचाने की कोशिश करते लोग महिला को बचाने की कोशिश करते लोग

दिल्ली के महिपालपुर इलाके में नेशनल हाईवे-48 के सर्विस रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक विदेशी महिला खुले और गहरे गंदे नाले में जा गिरी. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हैरानी की बात यह रही कि महिला को बचाने पहुंचे स्थानीय लोगों के साथ ही वह बदसलूकी करने लगी. इस पूरे घटनाक्रम के कारण सड़क पर करीब एक घंटे तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही.

लड़खड़ाते हुए नाले में गिरी महिला

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम के समय की है. महिला कथित तौर पर काफी नशे में थी और ठीक से अपने पैरों पर खड़ी भी नहीं हो पा रही थी. इसी दौरान वह लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे बने खुले नाले में गिर गई. नाले में गंदा पानी और कीचड़ भरा हुआ था. उसमें गिरने के बाद महिला पूरी तरह कीचड़ से सन गई और बाहर निकलने के लिए छटपटाने लगी.

मदद करने पहुंचे लोगों से करने लगी बदसलूकी

महिला को नाले में गिरा देखकर आसपास मौजूद राहगीर और दुकानदार तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े. हालांकि, मदद करने पहुंचे लोगों के साथ महिला ने सहयोग करने के बजाय अजीब व्यवहार करना शुरू कर दिया. चश्मदीदों के मुताबिक, वह बचाने आए युवकों पर चिल्लाने लगी और अंग्रेजी के साथ अपनी स्थानीय भाषा में अपशब्द कहने लगी.

महिला के इस व्यवहार को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

युवकों ने सुरक्षित बाहर निकाला

महिला के आक्रामक व्यवहार के बावजूद स्थानीय युवकों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उसे नाले से बाहर निकाल लिया. गंदे पानी और कीचड़ में गिरने के कारण उसे हल्की चोटें भी आई थीं. इसके बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो रिक्शा की मदद से महिला को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. बाद में उसे निगरानी के लिए ऑब्जर्वेशन वार्ड में रखा गया.

इलाज के बाद अमेरिकी दूतावास को सौंपा

दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी अमित गोयल के मुताबिक, इलाज के बाद महिला को उसके देश के दूतावास को सौंप दिया गया. जानकारी के अनुसार, महिला अमेरिका की रहने वाली है. घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे खुले नालों से जुड़े सुरक्षा संबंधी सवालों को सामने ला दिया है.