Vadodara Crime News
Vadodara Crime News
वडोदरा के उंडेरा स्थित रिलायंस टाउनशिप से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां रिलायंस में इंजीनियर के पद पर कार्यरत सुधीरकुमार की पत्नी सीमाबेन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. अपनी सुसाइड नोट का कोई अंतिम सबूत नष्ट न हो, इसके लिए सीमाबेन ने अपने बाएं पैर पर पेन से सुसाइड नोट लिखा था. इस नोट में उन्होंने अपने ससुराल वालों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न और मारपीट का स्पष्ट जिक्र किया है.
प्लॉट के लिए 2 लाख रुपए मांगने का आरोप
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज की रहने वाली सीमा की शादी 22 जून 2023 को हाथरस के सुधीरकुमार अनेकसिंह से हुई थी. आरोप है कि शादी के महज तीन साल के भीतर ही प्लॉट खरीदने के लिए मायके से 2 लाख रुपए लाने की बात को लेकर पति और ससुराल वाले उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. पति सुधीर ने सीमा के भाई अनिलकुमार से प्लॉट के लिए 2 लाख रुपए की मांग की थी. इतना ही नहीं, सुधीर ने अनिल के बड़े भाई सुनील को मैसेज कर धमकी दी थी कि, "अपनी बहन से कहो कि मेरा टूटा हुआ फोन ठीक करवा कर दे, वरना मैं उसे जान से मार दूंगा." आरोप है कि सास शीलादेवी और ससुर अनेकसिंह के उकसाने पर सुधीर ने सीमा के फोन में उसके मायके वालों के सभी नंबर ब्लॉक कर दिए थे. इससे पहले भी वह 50 हजार रुपए की मांग कर चुका था.
8 महीने की बच्ची को पड़ोसी के पास छोड़ा
9 अगस्त की सुबह सुधीर अपना फोन ठीक कराने के लिए बाहर गया था. इसी दौरान प्रताड़ना से तंग आकर सीमाबेन ने अपनी 8 महीने की मासूम बच्ची को ऊपर की मंजिल पर रहने वाली पड़ोसी को यह कहकर सौंपा कि, "मैं खाना बना रही हूं, बेटी का ध्यान रखिएगा." करीब आधे घंटे बाद जब बच्ची रोने लगी तो पड़ोसी नीचे आए. वहां उन्होंने देखा कि सीमाबेन ने दुपट्टे से फांसी लगा ली है.
पोस्टमार्टम के दौरान पैर पर मिला संदेश
पोस्टमार्टम के दौरान सीमाबेन के बाएं पैर पर पेन से लिखी चार लाइनों की सुसाइड नोट मिली. इसमें लिखा था, "मैं दुनिया से जा रही हूं, पति अपने घरवालों को खुश रखे, मैं पिटाई सहन नहीं कर पाई." घटना की जानकारी मिलते ही सीमा का परिवार वडोदरा पहुंचा. मृतका के भाई अनिलकुमार की शिकायत के आधार पर जवाहरनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और आरोपी पति सुधीरकुमार, ससुर अनेकसिंह और सास शीलादेवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस निरीक्षक जे.टी. देसाई के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
पुलिस को मिली थी हत्या की सूचना
R.D. Kava, ACP B डिविजन, वडोदरा पुलिस के मुताबिक, जवाहर नगर पुलिस स्टेशन में 9 तारीख को रिलायंस टाउनशिप में रहने वाली सीमा नाम की महिला की मौत को लेकर शिकायत दर्ज हुई थी. मृतका के भाई अनिल कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी थी कि उनकी बहन की उसके पति ने हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस गोत्री अस्पताल पहुंची. शुरुआती जांच में मौत को लेकर फांसी लगाने की बात सामने आई.
रिलायंस टाउनशिप में रहते थे पति-पत्नी
पुलिस के मुताबिक, मृतका सीमा की शादी वर्ष 2024 में सुधीर कुमार से हुई थी. सुधीर कुमार रिलायंस टाउनशिप में फील्ड इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. दोनों पति-पत्नी वहीं रहते थे. परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान सीमा ने अपने पति का मोबाइल फोन तोड़ दिया था. इसके बाद पति ने सीमा के माता-पिता को फोन कर कथित तौर पर धमकी दी थी कि मोबाइल फोन ठीक नहीं कराया तो वह सीमा को मार देगा.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सीमा की करीब 8 महीने की बच्ची भी है. घटना के समय बच्ची को कुछ समय के लिए पड़ोस में रखा गया था. इसके बाद सीमा घर में फांसी पर लटकी हुई मिली. पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस को सीमा के पैर पर पेन से लिखा हुआ एक संदेश भी मिला. पुलिस के मुताबिक, इसमें पति की मारपीट से परेशान होने और पति व ससुराल वालों से दुखी होने की बात लिखी गई थी. फिलहाल जवाहर नगर पुलिस ने BNS की धारा 108, 85, 54 और 351 तथा दहेज प्रतिबंधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच PSI पठान कर रहे हैं. पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई और सबूत जुटाने का काम जारी है.
(रिपोर्ट- तुषार पटेल)
ये भी पढ़ें