एटीएम में सोता युवक
एटीएम में सोता युवक
गर्मी में हर किसी को चैन की नींद बहुत प्यारी होती है. अगर भीषण गर्मी पड़ रही हो, और एसी की ठंडी-ठंडी हवा मिल जाए, तो शायद ही कोई होगा जो कमरे से निकल बाहर गर्मी में दोबारा जाए. ऐसा ही कुछ मऊ जनपद के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के भीटी ब्रांच में हुआ. यहां एक व्यक्ति को हाफ पैंट और टीशर्ट पहने एटीएम में सोते हुए पाया गया. अब युवक का वीडियो वायरल हो चुका है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
किसी अंजान व्यक्ति के इस तरह से एटीएम में सोने पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं. यदि इस दौरान किसी को एटीएम से पैसे निकालने होते तो वह व्यक्ति किस हद तक सुरक्षित था. या फिर एटीएम मशीन, जिस में पैसे रहते हैं, वह खुद किस हद तक सुरक्षित थी. जिस तरह से वह व्यक्ति वहां सो रहा है, ऐसे में बैंक के लिए जरूरी है कि वह वहां किसी गार्ड को तैनात करता. जिससे एटीएम और उसका इस्तेमाल करने वालों की सुरक्षा रहती है, लेकिन आखिर बैंक ने गार्ड क्यों नहीं रखा था.
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस भी एक्शन में आ गई. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एटीएम रूम में सोते हुए युवक के बारे में जानकारी करने में जुटी हुई है. साथ ही एटीएम की सुरक्षा में तैनात गार्ड और उस क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों के बारे में भी जानकारी की जा रही है. इस पूरे मामले में अलग -अलग बिंदुओं पर पुलिस द्वारा समीक्षा की जा रही है. हालांकि पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या युवक गर्मी के कारण एसी लगे हुए एटीएम के कमरे में सोता हुआ दिखाई दे रहा है.
इस पूरे वाक्या को लेकर मऊ के सीओ सिटी नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी प्राप्त होने के बाद पुलिस पहचना करने में लगी है कि वह कौन व्यक्ति है और किन परिस्थितियों में वह एटीएम में लेटा हुआ था. साथ ही वहां की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी समीक्षा की जारी है कि कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई है.