ठंड के बाद सीधे गर्मी का अटैक
ठंड के बाद सीधे गर्मी का अटैक
आम तौर पर सर्दियों के बाद वसंत ऋतु आती है और फिर धीरे-धीरे गर्मियों की शुरुआत होती है. लेकिन साल 2025 की तरह 2026 में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ दिख रहा है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले दो दिनों से तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालात ऐसे हैं कि वसंत का अहसास हुए बिना ही सीधे गर्मी दस्तक देती नजर आ रही है.
तापमान में तेज बढ़ोतरी के आंकड़े
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के न्यूनतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री ज्यादा रहा, जबकि बाकी हिस्सों में यह 1.6 से 3 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ. बुधवार को भी कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रहा.
फरवरी में ही गर्मी का संकेत
फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही तापमान का 28 से 29 डिग्री तक पहुंचना असामान्य माना जा रहा है. साल 2025 को वैश्विक स्तर पर बेहद गर्म साल बताया गया था. वर्ल्ड मेटेरोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन ने भी इसकी पुष्टि की थी. मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही संकेत दिए थे कि फरवरी 2026 भी सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकती है, और मौजूदा आंकड़े उसी ओर इशारा कर रहे हैं.
आगे का पूर्वानुमान और पश्चिमी विक्षोभ
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 12 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 13 फरवरी को यह 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं. इनके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 13 फरवरी और 16 से 17 फरवरी के दौरान कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है. फिर भी मैदानी इलाकों में बढ़ता तापमान आने वाली गर्मी का संकेत दे रहा है.
मौसम का बदलता ट्रेंड
सुबह-शाम हल्की ठंड अभी महसूस हो रही है, लेकिन दिन का तापमान चिंता बढ़ा रहा है. फरवरी में ही इतनी गर्मी इस बात का संकेत है कि आगे का मौसम चुनौतीपूर्ण हो सकता है. वसंत का आनंद लेने से पहले ही गर्मियों का ट्रेलर दिखाई देने लगा है.
ये भी पढ़ें