scorecardresearch

सावधान! अगले 15 घंटे भारी पड़ सकते हैं, 11 राज्यों में बारिश और तूफान का रेड अलर्ट जैसा माहौल

दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.

monsoon update 2026 monsoon update 2026

देशभर में लोग मानसून की तेज बारिश का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पिछले करीब दो सप्ताह से मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है.

दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में 19 से 21 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. 22 और 23 जून को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है. आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

यूपी में लू और बारिश दोनों का असर
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, सीतापुर, मेरठ, बरेली, पीलीभीत, बिजनौर, हरदोई, बदायूं, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.

बिहार और राजस्थान में तेज हवाओं की चेतावनी
बिहार के पटना, गया, सारण, सिवान, कटिहार, गोपालगंज, समस्तीपुर और नालंदा समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ने के संकेत
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी और नैनीताल में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है. हिमाचल प्रदेश में 19 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुल्लू, मंडी और शिमला में तेज बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है.

पंजाब, बंगाल और दक्षिण भारत में भी अलर्ट
पंजाब के कई जिलों में 22 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार समेत उत्तरी जिलों में 25 जून तक भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, मदुरै और कई अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में गैरजरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है.

ओडिशा में भी बारिश का असर
ओडिशा के कई जिलों में 19 से 22 जून के बीच बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार 22 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है. मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: