scorecardresearch

22 June 2026 Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत 12 राज्यों में आंधी-बारिश, बंगाल में रेड अलर्ट... जानें आपके शहर का मौसम

दिल्ली में आज तापमान 38 डिग्री तक गिर सकता है और गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद है, जबकि बिहार के पटना समेत कई जिलों में अगले 2-3 दिन अभी हीटवेव का असर रहेगा.

22 June 2026 Aaj ka Mausam 22 June 2026 Aaj ka Mausam

जहां एक तरफ मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिल रहा है, वहीं मौसम विभाग ने देख के अलग-अलग हिस्से के लिए बारिश को लेकर चेतावनी जारी कर दी है. मौसम विभाग ने 22 जून को बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दिल्ली-एनसीआर समेत 12 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत के आसार
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. तेज हवाओं और बादलों की वजह से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है. हालांकि कल भी मौसम अच्छा था लेकिन बारिश कुछ इलाकों में नहीं हुई थी. 

बिहार में अभी जारी रहेगा गर्मी का असर
बिहार में मानसून की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है. राजधानी पटना समेत कई क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

राजस्थान में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका
राजस्थान के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. झुंझुनू और श्रीगंगानगर समेत कई इलाकों में बादल सक्रिय रह सकते हैं. वहीं बारां जिले के अटरू क्षेत्र में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है.

महाराष्ट्र में मानसून पकड़ रहा रफ्तार
महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है. दक्षिण कोंकण क्षेत्र में मानसून पहले ही पहुंच चुका है और अब आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. राजधानी मुंबई में बारिश के साथ तेज हवाओं और आंधी की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.

पश्चिम बंगाल में कई जिलों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट
पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. कई अन्य जिलों के लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तमिलनाडु में एक हफ्ते तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
तमिलनाडु के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. नीलगिरि, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों के चलते राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रह सकती है.

इन राज्यों में विशेष सतर्कता जरूरी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा गया है. बारिश जहां कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत दे सकती है, वहीं तेज हवाएं और आंधी कुछ इलाकों में परेशानी भी बढ़ा सकती हैं. ऐसे में मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है.
 

ये भी पढ़ें