scorecardresearch

Weather Update: राजधानी में 7 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा, देश के कई हिस्सों के लिए 'येलो अलर्ट' हुआ जारी.. जानें कैसा रहेगा आपके राज्य के मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में ठंड और कोहरे की दोहरी मार पड़ रही है. साथ ही आईएमडी ने देश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट भी जारी किया है. देश में कहीं बर्फबारी देखने को मिल रही है, तो कहीं हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है.

Advertisement
Representative Image Representative Image

हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने एक बार फिर उत्तर भारत को जकड़ लिया है. राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान फिसलकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. बाइक या साइकिल से सफर करने वालों के लिए ठंडी हवाएं कानों को चीरती महसूस हो रही हैं, वहीं सुबह-शाम घना कोहरा हालात और मुश्किल बना रहा है. कई इलाकों में दृश्यता इतनी कम हो गई है कि 100 मीटर दूर तक देख पाना भी चुनौती बन गया है. दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत ज्यादातर मैदानी राज्यों में ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है.

उत्तर भारत पर कोहरे की मोटी चादर
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले दिन भी घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं. पंजाब-हरियाणा से लेकर बिहार तक धुंध की मोटी परत देखी जाएगी, जिससे पूरे उत्तर भारत में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है. सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की चेतावनी दी गई है. IMD ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और बिहार के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

शीतलहर और बर्फबारी की दस्तक
पश्चिमी विक्षोभ के असर से 20 से 22 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 21 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है. इसके साथ ही अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीतलहर और भीषण ठंड का खतरा बना रहेगा. मैदानों में सबसे कम न्यूनतम तापमान इंदौर में 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ प्रदूषण की परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में 20 और 21 दिसंबर को मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है. सफदरजंग और पालम एयरपोर्ट पर दृश्यता 100 मीटर तक गिरने की रिपोर्ट सामने आई है. हालांकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और शाम को कोहरे का असर बना रहेगा. चिंता की बात यह भी है कि दिल्ली के 15 इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया जा रहा है, जिससे सांस से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लोगों को आने वाले दिनों में और ज्यादा ठंड झेलनी पड़ सकती है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की आशंका है. वहीं, पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली सहित कई जिलों के लिए ‘अलर्ट’ घोषित किया है.

ठंड बरकरार, फिर गिरेगा पारा
राजस्थान में भीषण सर्दी का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं. 20 से 22 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के चलते पारा फिर दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है.

उत्तराखंड और पंजाब: यात्रा में बढ़ेगी परेशानी
उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर के साथ-साथ पंजाब के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और संगरूर में भी अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे के कारण वाहन चलाने में दिक्कतें बढ़ सकती हैं और सड़क हादसों का खतरा भी रहेगा. कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई गई है.