scorecardresearch

Weather Update: बदल रहा है मौसम का मिजाज, गर्मी ने दी दस्तक, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान

धीरे-धीरे दिल्ली और एनसीआर समेत देश के कई राज्यों का मौसम बदल रहा है. दिन में तापमान बढ़ने लगा है और मौसम विभाग का कहना है कि रात का तापमान भी अब और बढ़ेगा.

Representational Image Representational Image
हाइलाइट्स
  • धीरे-धीरे बढ़ रहा है तापमान

  • न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में रात के तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है. 

मौसम ब्यूरो के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों और महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  

धीरे-धीरे बढ़ रहा है तापमान
देश के कई हिस्सों में तापमान पिछले कुछ दिनों में बढ़ रहा है, खासकर पश्चिमी तट के राज्यों में. पिछले सप्ताह में, गुजरात के भुज में अधिकतम तापमान 40°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10°C अधिक था. गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जम्मू और कश्मीर में विचलन सामान्य से 7-9 डिग्री अधिक था.

मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में बहने वाली हवाएं मैदानी इलाकों से आ रही हैं, जो अरब सागर से आने वाली सामान्य समुद्री हवा को रोक रही हैं, जिसका शीतलन प्रभाव है. यही कारण है कि पश्चिमी क्षेत्र में अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी हुई है. उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में भी अब तापमान में बढ़ोतरी का रुझान है.

मार्च में बढ़ जाएगी गर्मी 
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में फरवरी में तापमान सामान्य से कम से कम 4-5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है. और वर्तमान में जो पूर्वानुमान हमें बता रहे हैं, उसके अनुसार हमें मार्च में गर्मी बढ़ने की संभावना है.