85 Lakh Fraud Accused Arrested
85 Lakh Fraud Accused Arrested
अपनी परेशानियां दूर करने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते. कोई मंदिर जाता है, तो कोई पूजा-पाठ कराता है. लेकिन छत्तीसगढ़ की एक महिला को तंत्र-मंत्र और शेयर ट्रेडिंग का ऐसा झांसा मिला कि देखते ही देखते उसकी 85 लाख रुपये की जमा-पूंजी गायब हो गई. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
दरअसल, मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-05 निवासी संगीता कश्यप से आरोपी पवन बधोरिया ने पहले दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए उनके पारिवारिक और घरेलू विवाद खत्म कर सकता है. महिला उसकी बातों पर भरोसा करने लगी. जब विश्वास पूरी तरह जीत लिया, तो आरोपी ने नया दांव चला. उसने महिला को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का सपना दिखाया. महिला भी लालच में आ गई और अलग-अलग किश्तों में कुल 85 लाख रुपये आरोपी के खातों में ट्रांसफर कर दिए.
फिर हुआ खुलासा
कुछ समय बाद जब न मुनाफा मिला और न ही पैसे वापस आए, तो महिला को शक हुआ. आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा. तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है. इसके बाद उसने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
इंदौर से धराया गया ठग
मामले की जांच के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष टीम बनाई. साइबर सेल और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में मिली. पुलिस ने वहां दबिश देकर पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया और ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग ले आई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत केस दर्ज किया है. फिलहाल उससे ठगी गई रकम की बरामदगी और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
रिपोर्टर: रघुनंदन पंडा
ये भी पढ़ें: