उत्तराखंड में चार धाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. शीतकाल के बाद कल सुबह शुभ मुहूर्त में बाबा केदारनाथ के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे. इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी डोली यात्रा गौरीकुंड पहुंच चुकी है और आज शाम तक केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी. गौरीकुंड के गौरा देवी मंदिर में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. सेना के बैंड की धुनों और हर हर महादेव के जयकारों के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है. देश के कोने-कोने से आए शिव भक्त कठिन पैदल यात्रा कर बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. मंदिर परिसर को सजाने के लिए गुजरात और देश के अन्य हिस्सों से भक्त पहुंचे हैं. पहाड़ों पर बर्फबारी के बीच प्रकृति भी बाबा के श्रृंगार में जुटी है, जिससे श्रद्धालुओं को अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है.