Repeated Marriage Proposal Rejections: AI Image
Repeated Marriage Proposal Rejections: AI Image
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शादी के लिए बार-बार रिश्ता टूटने से परेशान एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीन साल से चल रही थी शादी की बात
मृतका की पहचान पीतांबर कुमार की बेटी अंशु कुमारी (22) के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब तीन साल से उसके लिए वर की तलाश की जा रही थी. इस दौरान 10 से ज्यादा परिवार उसे देखने आए, लेकिन किसी भी जगह रिश्ता तय नहीं हो सका.
परिवार का कहना है कि लगातार रिश्ते टूटने की वजह से अंशु मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी. परिजनों का दावा है कि वह अपने सांवले रंग को लेकर हीन भावना महसूस करती थी और उसे लगता था कि इसी कारण उसकी शादी तय नहीं हो पा रही है.
बुधवार को आने वाले थे लड़के वाले
परिजनों के अनुसार, बुधवार को भी एक परिवार अंशु को देखने आने वाला था. मंगलवार रात उसने खाना नहीं खाया और अपने कमरे में सोने चली गई. बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को चिंता हुई. जब परिजनों ने खिड़की से अंदर देखा तो अंशु का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला. यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
एफएसएल टीम ने भी जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया.
पुलिस क्या कह रही है?
गायघाट थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें