scorecardresearch

Environment: जहर देकर कुत्ते को मारा... इस मरे डॉग को खाकर 25 गिद्धों की चली गई जान, लुप्त होते गिद्धों की बड़ी त्रासदी 

टाइगर रिजर्व के आसपास गिद्धों की सेंचुरी बनाकर उनको बचाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन इसी प्रयास के बीच गिद्धों के मौत की एक बड़ी त्रासदी सामने आई है. लखीमपुर के सिमरिया गांव में एक खेत में मरे हुए कुत्ते को खाकर 25 गिद्धों की मौत हो गई. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं.

Advertisement
vulture (symbolic photo) vulture (symbolic photo)

एक तरफ जहां गिद्ध लगातार लुप्त होते जा रहे हैं, वहीं कई प्रजातियां पहले ही खत्म हो चुकी हैं. ऐसे में टाइगर रिजर्व के आसपास गिद्धों की सेंचुरी बनाकर उनको बचाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन इसी प्रयास के बीच गिद्धों के मौत की एक बड़ी त्रासदी सामने आई है. लखीमपुर के सिमरिया गांव में एक खेत में एक मरे हुए कुत्ते को जब गिद्धों का झुंड खा रहा था, तभी एक-एक कर गिद्ध मरने लगे और देखते ही देखते कुत्ते को नोच कर खाने वाले सभी गिद्ध मरने लगे, कुछ ही देर में 25 गिद्धों के शव के ढेर खेतों में बिखर गए.

शुरू में गांव वालों ने जब 25 गिद्धों के झुंड को एक कुत्ते का शव को खाते देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था क्योंकि सालों से उन्होंने एक साथ इतने गिद्ध नहीं देखे थे लेकिन कुछ ही देर में उनकी यह खुशी काफ़ूर हो गई क्योंकि उनके सामने ही एक-एक कर गिद्ध मरने लगे. गांव के प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि तकरीबन 40 गिद्ध वहां मौजूद थे, जिसमें 25 के शव मिले और 5 गिद्धों की हालत गंभीर है.

चावल में जहर देकर खिलाया था कुत्ते को 
दरअसल गांव वालों ने बताया कि गांव की बकरियों पर कुछ हिंसक किस्म के कुत्ते लगातार हमले कर रहे थे, जिन्हें मारने के लिए चावल में जहर देकर कुत्तों को खिलाया गया था. इससे एक कुत्ते की मौत हो गई और गिद्धों का एक पूरा समूह इस मरे हुए कुत्ते को खाने के लिए जूटा. कुत्ते के शरीर में जहर इतना तीव्र था कि इसके मांस को खाते ही गिद्धों का पूरा समूह ही साफ हो गया. 

...तो मच गया हड़कंप 
एक साथ इतने गिद्धों की मौत के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आई. उसने सभी मृत गिद्धों के शव को कब्जे में लिया है. उनके विसरा को सुरक्षित कर आईवीआरआई बरेली में जांच के लिए भेजा जा रहा है. पर्यावरणविदों के लिए यह किसी त्रासदी से काम नहीं है क्योंकि अब गिद्ध जैसा पक्षी इतना लुप्तप्राय हो चुका है कि सालों से लोगों ने उसे नहीं देखा है. ऐसे में एक साथ इतने गिद्धों की मौत से वन विभाग और पर्यावरणविदों में हड़कंप है.

लखीमपुर खीरी जिले में भीरा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में कुत्ते को खाने से 25 गिद्धों की हुई मौत के मामले पर दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन की डीएफओ कीर्ति चौधरी ने बताया कि किसान ने अपने खेत में आने वाली बकरियां से परेशान होकर चावल में पेस्टीसाइड मिलाकर रखा था, जिसे कुत्तों ने खा लिया था, जिनकी मौत हो गई थी. इस मरे कुत्ते को खाकर 25 गिद्धों की मौत हो गई है, जिनके शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और बिसरा आईवीआरआई बरेली भेज दिया गया है.