Agar Malwa News
Agar Malwa News
मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. एक मंदिर के बाहर से नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी की चप्पल चोरी हो गई. जिससे नायब तहसीलदार साहब उखड़ गए. उन्होंने फौरन सीसीटीवी फुटेज चेक कराया और चोर को पकड़ लिया. अब उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी-
ये मामला आगर मालवा के बगलामुखी मंदिर कैंपस का है. परिसर से नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी होने का मामला सुर्खियों में है. अधिकारी ने CCTV फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करवाई और अब एसपी को पत्र लिखकर चप्पल चोर पर केस दर्ज करने की मांग की है. नायब यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
CCTV की मदद से चोर को पकड़ा-
आगर मालवा जिले के प्रसिद्ध बगुलामुखी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे बड़ागांव के नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी हो गई. आम तौर पर ऐसे मामलों को लोग टाल देते हैं, लेकिन साहब ने इसे हलके में नहीं लिया. नायब तहसीलदार साहब का इगो हर्ट हो गया और उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करवाई, संदिग्ध को पकड़कर उससे चोरी कबूल भी करा दी.
चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग-
नायब तहसीलदार साहब इतने से मानने वाले नहीं थे. उन्होंने एसपी को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका पत्र सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है.
नायब तहसीलदार जब बगुलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, तो चप्पल बाहर स्टैंड पर उतारकर गए थे. लौटे तो चप्पल गायब थी. पहली नजर में मामूली लगने वाली यह घटना उन्हें नागवार गुजरी और उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन से बात की. मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाई. फुटेज में एक व्यक्ति चप्पल लेकर जाते हुए नजर आया. पूछताछ में संदेही ने चप्पल ले जाना स्वीकार भी कर लिया. इसके बाद अधिकारी ने इसे मंदिर परिसरों में होने वाली बार-बार की चोरी से जोड़कर गंभीर मुद्दा मान लिया. फिलहाल नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर नागरिक सुरक्षा धारा के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की है.
(प्रमोद कारपेंटर की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: