Cyber Fraud
Cyber Fraud
साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधी अब लोगों को निशाना बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. अहमदाबाद के शिलज इलाके में रहने वाले 70 साल के वकील से एक अज्ञात लड़की ने फेसबुक पर संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उनको क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में निवेश करने के लिए कहा और वकील से 57.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की. लड़की ने वकील से शादी करके इटली में बसने की बात कही थी. इसी चक्कर में बुजुर्ग वकील को लाखों रुपये का नुकसान हुआ. साइबर क्राइम ब्रांच ने शिकायत के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है.
फेसबुक पर लड़की ने की दोस्ती-
शिकायत के मुताबिक नवंबर 2025 में शिलज में रहने वाले एक वकील को फेसबुक पर 'लक्ष्मीदेवी रेड्डी' नाम की एक लड़की से संपर्क किया था. लड़की ने बताया था कि उसने आईआईएम अहमदाबाद से पढ़ाई की है और फिलहाल हैदराबाद में रहती है. बातचीत के दौरान उसने वकील का भरोसा जीत लिया. बाद में दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए और रोजाना व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत शुरू कर दी. इसी वजह से वकील को लड़की पर गहरा भरोसा हो गया था.
लड़की ने की शादी करके इटली में बसने की बात-
लड़की अपनी आलीशान जीवनशैली और अमीर परिवार के बारे में बताती थी. युवती ने जब शादी करके इटली में बसने की बात करने लगा तो वह और भी ज्यादा प्रभावित हो गए. इसी दौरान लड़की ने वकील को बताया कि उसके चाचा एक बड़ी अमेरिकी कंपनी से रिटायर हो चुके हैं और उनकी कंपनी में 70 विशेषज्ञों की एक टीम है जो क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करती है, इसमें निवेश करने से बड़ा मुनाफा हो सकता है.
वकील ने किए 60 लाख रुपए निवेश-
लड़की के कहने अनुसार वकील ने उसके द्वारा भेजे गए लिंक को खोल कर एक एप्लिकेशन डाउनलोड किया और अपनी सारी जानकारी भर दी. उसके बाद वकील ने उसमें निवेश करना शुरू कर दिया. शुरुआत में उन्होंने 50,000 रुपये का निवेश किया, जिस पर उसे 5,000 रुपये का मुनाफा दिखाया गया. पहले कुछ दिनों में लगातार मुनाफा देखकर वकील का भरोसा और बढ़ गया और उन्होंने कुल 2.10 लाख रुपये निकाल भी लिए. इससे उन्हें यकीन हो गया कि निवेश सुरक्षित है. इसके बाद 8 जनवरी से 29 जनवरी तक वकील ने कुल 16 लेन-देन के माध्यम से लगभग 60 लाख रुपये का निवेश किया.
लेकिन जब उन्होंने शेष राशि निकालने की कोशिश की तो उनसे 'टैक्स भरना पडेगा' की शर्त पर और पैसे मांगे गए. इससे वकील को संदेह हुआ और जांच करने पर उन्हें पता चला कि वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं. अंततः वकील ने साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने पूरे मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है.
(ब्रिजेश दोशी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: