Ajmer news
Ajmer news
राजस्थान के अजमेर महिला जेल की तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार कर लिया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने नियम विरुद्ध जाकर सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला बंदियों को जेल से बाहर निकाला और अपने निजी आवास पर ले गईं. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इन महिला कैदियों को निजी आवास पर साफ-सफाई के काम के लिए ले जाया गया था. मामला 12 जुलाई 2026 का है.
2 कैदियों को जेल से बाहर ले गई जेलर-
अजमेर सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले केंद्रीय कारागृह अजमेर के अधीक्षक की ओर से एक मुकदमा दर्ज करवाया गया था. इसमें महिला जेलर दिव्या और एक महिला प्रहरी सोनिया पर जेल के तत्कालीन कार्मिकों के विरोध के बावजूद दो निरुद्ध महिला कैदियों को अवैध और नियम विरुद्ध तरीके से जेल से बाहर ले जाने का आरोप था.
CCTV के आधार पर एक्शन-
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी और एडिशनल एसपी के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने 6 अक्टूबर को कोटा स्थित एक आवासीय फ्लैट पर दबिश देकर तत्कालीन जेलर दिव्या चौधरी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी प्रहरी की तलाश जारी-
सीओ शिवम जोशी के अनुसार, इस प्रकरण में धारा 209, 260 और केंद्रीय कारागृह अधिनियम की धारा 42 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था. फिलहाल मामले में सह-आरोपी महिला प्रहरी सोनिया और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस की आगे की जांच अभी जारी है.
क्या है मामला?
अजमेर की महिला जेल की तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगा है. आरोप है कि 12 जुलाई 2026 को दिव्य चौधरी 2 बंदियों को जेल से बाहर निकाला और अपने फ्लैट पर ले गई. इन महिला कैदियों से जेलर ने अपने निजी आवास की साफ-सफाई कराई.
ये भी पढ़ें: