Aligarh News
Aligarh News
प्यार की कहानियां अक्सर सरहदों से बड़ी बताई जाती हैं. लेकिन जब भावनाओं के साथ कानून की सीमाएं भी पार कर दी जाएं, तो मामला सिर्फ इश्क़ का नहीं, बल्कि सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया का भी बन जाता है. ऐसी ही एक कहानी इन दिनों चर्चा में है, जहां सना रानी के प्यार में बादल बाबू बिना वैध दस्तावेजों के पाकिस्तान पहुंच गए. बादल को पाकिस्तान में एक साल की सजा सुनाई गई. लेकिन अब तक घर वापसी नहीं हुई है. मां-बाप आज भी उसका इंतजार कर रहे हैं और अपने बेटे की वापसी की गुहार लगा रहे हैं.
प्यार में पाकिस्तान चले गए बादल बाबू-
सितंबर 2024 में बादल बाबू को लाहौर के बहाउद्दीन मंडी की रहने वाली सना रानी के प्यार हो गया. इसके बाद यूपी के अलीगढ़ का रहने वाले बादल पाकिस्तान पहुंच गए. लेकिन उनको ना तो सना मिली और ना ही उनकी फैमिली का अता-पता चला. लेकिन बादल पकड़ लिए गए और बिना वैध दस्तावेजों के पाकिस्तान में घुसने के लिए उनको एक साल की सजा सुनाई गई. एक साल तक लाहौर की कोट लखपत जेल में रहने के बाद उनकी रिहाई हो गई. लेकिन अब भी वो भारत नहीं पहुंचे हैं. अभी उनको डिटेंशन सेंटर में रखा गया है.
हर जगह गुहार लगा रहे मां-बाप-
परिवार के लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक से अपने बेटे को हिंदुस्तान लाने की गुहार लगाई है. लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कोई सफलता उन्हें नहीं मिल पाई है.
बादल बाबू के पाकिस्तान में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद लंदन में रहने वाली पूनम नाम की महिला ने पाकिस्तान के लाहौर में जेल में बंद बादल बाबू की रिहाई व पैरवी के लिए वहाँ के वकील से बात की. उनको पैसे भी दिए. उनका कहना है कि विदेश मंत्रालय से एक पत्र पाकिस्तान में स्थित भारतीय एंबेसी को भेजना होगा, ताकि बादल को भारत लाया जा सके. चिट्ठी के बाद ही बादल को डिटेंशन सेंटर से रिहाई हो पाएगी.
फैक्ट्री में काम करता था बादल-
बादल बाबू के माता-पिता ने बताया कि दिल्ली में रहकर उनका बेटा एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था. लेकिन उनका बेटा ऐसे अचानक पाकिस्तान चला जाएगा. ये उन्हें बिल्कुल नहीं पता था. जब से उन्हें ये बात पता चली है तो उन्होंने अपने स्तर से जितनी भागदौड़ हो सकती है, उतनी वह लगातार कर रहे हैं. लेकिन अभी तक कोई सफलता उन्हें नहीं मिल पाई है.
19 साल की उम्र में गया था पाकिस्तान-
माता-पिता का कहना है कि बेटे से 2 बार उनकी बात हो चुकी है. 21 वर्षीय बादल बाबू किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित हो चुका है. जब वह पाकिस्तान गया था, तब उसकी उम्र 19 वर्ष थी. अब उनका ये कहना है कि वह जल्दी से भारत सरकार को इस मामले में अपने स्तर से थोड़ा गंभीर रुख अपनाना चाहिए.
बादल बाबू के पिता कृपाल ने बताया कि परिवार में पत्नी के अलावा 3 बेटे व एक बेटी है. एक बेटी की शादी हो चुकी है. दो बेटों की शादी हो चुकी है. अब बादल ही शादी के लिए बचा है. परिवार चाहता है कि वह जल्दी से जल्दी हमारे बीच वापस आ जाए.
ये भी पढ़ें: