file photo of child
file photo of child
राजस्थान के भिवाड़ी में एक कलयुगी मां पर अपनी ही 8 माह की मासूम बेटी को तेजाब पिला दिया. मासूम बच्ची अस्पताल में कई घंटों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रही, लेकिन आखिरकार बुधवार दोपहर में उसने दम तोड़ दिया. महिला अपने पीहर यानी मायके जाने की जिद कर रही थी. पति ने उसको जाने से मना कर दिया. इस बात से नाराज होकर महिला ने करीब आधा गिलास तेजाब मासूम बच्ची को पिला दिया.
आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई मासूम
18 मई को मासूम बच्ची को तुरंत अलवर के शिशु अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही थी. बच्ची की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. आखिरकार उपचार के दौरान मासूम जिंदगी की जंग हार गई. बच्ची की मौत के बाद उसके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है. बच्चे को तेजाब पिलाने के दौरान मां भी जख्मी हो गई है. घटना के बाद आरोपी मां भी अलवर जिला अस्पताल में भर्ती बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
सख्त से सख्त हो सजा
बच्ची के पिता ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि जिसने अपनी ही बेटी की जिंदगी छीन ली, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. पिता का कहना है कि मासूम बच्ची ने बिना किसी गलती के दर्दनाक मौत झेली है और उसे न्याय मिलना चाहिए. इस संबंध में मोहित ने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है. जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.
एसिड ने अंग को पूरी तरह से डैमेज कर दिया
बच्ची का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि एसिड शरीर के अंदर जिस भी अंग में पहुंचा. उस अंग को पूरी तरह से डैमेज कर दिया. एसिड के कारण बच्ची की सांस नली खराब हो गई. खाने की नली से लगातार खून का रिसाव हो रहा था. डॉक्टर की टीम ने बच्ची की जान बचाने का प्रयास किया लेकिन वो बच नहीं पाई. बच्ची के पिता मोहित ने बताया कि वो 3 बजे काम पर गया था. तब उसकी पत्नी सपना और बेटी घर पर थी. इस दौरान सपना ने मासूम को एसिड पिला दिया. जिससे बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. इस पर पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन ने उसको कॉल करके घटना की जानकारी दी. गंभीर रात में बच्ची को तुरंत भिवाड़ी भर्ती कराया गया और वहां से हालत गंभीर होने पर अलवर रैफर किया गया था. मोहित भिवाड़ी में सोलर कंपनी में मार्केटिंग की जॉब करता है और पत्नी के साथ लेबर कॉलोनी में किराए पर रहता है.
(हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट)