scorecardresearch

बिरयानी में लेग पीस न मिलने पर हो गया खेला, बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है जहां एक निकाह समारोह मामूली खाने के विवाद को लेकर अखाड़े में बदल गया.

बिरयानी विवाद बिरयानी विवाद

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक निकाह समारोह अचानक दहशत में बदल गया. बिरयानी में लेग न मिलने पर हुए विवाद के बाद अब छुआरों को लेकर हुई कहासुनी ने मामला और बिगाड़ दिया. आरोप है कि इसी बात पर समारोह में शामिल कुछ युवकों ने बारातियों पर अचानक हमला बोल दिया.

घटना के बाद कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पीड़ितों का कहना है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस सही कार्रवाई नहीं कर रही, और वे थाने-चक्कर काटने को मजबूर हैं.

निकाह में मचा हंगामा, लाठी-डंडों और रॉड से हमला
यह मामला डिडौली थाना क्षेत्र के फैजगंज गांव का है, जहां 31 मार्च 2026 को निकाह चल रहा था. इसी दौरान लेग पीस और छुआरों को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग युवक गाली-गलौज के बाद अचानक हथियार लेकर टूट पड़े और बारात में आए मेहमानों को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा.

दौड़ा-दौड़ाकर मारा, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें...
पीड़ित मोहम्मद शारुख, निवासी नूरपुर तुकलाबाद ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे विवाद बढ़ते ही हमलावरों हमला शुरू कर दिया. उन्हें, उनके पिता, चाचा और छोटे भाई को दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी भी देते रहे. पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

गंभीर चोटें होने के बावजूद कार्रवाई नहीं
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने डिडौली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. लेकिन पीड़ितों का कहना है कि पुलिस टालमटोल कर रही है. आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं
घायल बाराती लगातार थाने और जिम्मेदार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट- बी एस आर्या)

ये भी पढ़ें