Wife attacked with scissors
Wife attacked with scissors
उत्तर प्रदेश के बागपत में रिश्तों के शक ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया, जिसने हर किसी को झकझोर दिया. आरोप है कि पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में एक शख्स ने पहले अपनी बेगम पर कैंची से गर्दन पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. फिर तीन माह की मासूम बेटी को भी फर्श पर पटक दिया. इससे बच्ची की मौत हो गई, जबकि घायल महिला का इलाज कराया गया. हैरानी की बात ये रही कि घटना के बाद परिजन पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम से इनकार करते रहे. उनका कहना था कि बच्ची की मौत हत्या से नहीं, बल्कि गोद से गिरने के कारण हुई है. हालांकि पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, पूरा मामला बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के लुहारा गांव का है. यहां सलमान नाम के युवक को अपनी पत्नी शीबा पर अवैध संबंध होने का शक था. पुलिस के मुताबिक, सलमान को शक था कि उसकी पत्नी के उसके देवर के साथ संबंध हैं. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी सलमान ने शीबा से देवर से अफेयर को लेकर सवाल-जवाब किए और उससे सच बताने को कहा. शीबा ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. हालांकि सलमान को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
और कैंची से कर दिया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान सलमान ने शीबा पर कैंची से हमला कर दिया. हमले में शीबा गंभीर रूप से घायल हो गई. इसी दौरान उनकी 3 माह की बेटी अलीबा भी वहां मौजूद थी. आरोप है कि सलमान ने मासूम बच्ची को फर्श पर पटक दिया. इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई और उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की. इसी दौरान परिवार के लोगों ने पुलिस को शव ले जाने और पोस्टमार्टम कराने से रोकने की कोशिश की. परिजनों की ओर से पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया. उनका कहना था कि अलीबा की हत्या नहीं हुई है, बल्कि वह गोद से गिर गई थी. इसी आधार पर परिवार पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता था.
पुलिस कर रही जांच
हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकीदार की तहरीर पर सलमान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस अब घटना की परिस्थितियों, बच्ची की मौत की वजह और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है. बागपत पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए भी मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी साझा की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.