scorecardresearch

बॉयफ्रेंड ने शादी से किया इनकार, तो मोबाइल टावर पर चढ़ गई प्रेमिका, देखें फिल्म शोले स्टाइल का ये वायरल वीडियो

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फिल्म शोले के वीरू की तर्ज पर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई. मामला सुखपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर युवती का गुस्सा इस कदर फूटा कि उसने टावर पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डाल दी.

टावर पर चढ़ती महिला टावर पर चढ़ती महिला

बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को फिल्मी अंदाज का एक अनोखा मामला देखने को मिला. यह मामला शोले के उस मशहूर सीन जैसा था, जिसमें वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती से शादी की जिद करता है. बस अंतर इतना कि यहां वीरू नहीं, बल्कि एक युवती अपनी जिद पर अड़ी थी.

प्रेमी के इनकार करने पर युवती चढ़ गई टावर पर
पुलिस के मुताबिक युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन जब प्रेमी ने शादी से साफ इंकार कर दिया, तो युवती का गुस्सा और दुख चरम पर पहुंच गया. भावनाओं में बहकर वह एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और वहां से नीचे आने को तैयार नहीं थी.

 देखने के लिए उमड़ी भीड़
जैसे ही युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैली, सुखपुरा कस्बे में लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग नीचे खड़े तमाशबीन की तरह पूरे घटनाक्रम को देखते रहे. कई लोग उसे आवाज लगाते हुए कहते भी सुनाई दिए कि तुम्हारा प्रेमी आ गया है. अब नीचे आ जाओ. तुम्हारी सारी मांगे मान ली गई हैं. लेकिन युवती उस वक्त अपनी जिद और भावनाओं के बीच फंसी हुई थी.

पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सुखपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले भीड़ को पीछे हटाया, ताकि कोई अफरा-तफरी न फैले. इसके बाद पुलिस टीम ने काफी देर तक युवती को समझाने की कोशिश की और उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी. साथ ही उसका नुकसान होने नहीं दिया जाएगा. समस्या का हल बातचीत से निकाला जाएगा. आखिरकार लगातार प्रयासों के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया.

थाने में बुलाए गए दोनों परिवार
नीचे आने के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध है, लेकिन वह उससे शादी नहीं करना चाहता. इस बयान के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के परिवारों को थाने बुलाया. थाने में बैठाकर मामले की पूरी जानकारी जुटाई गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.

(रिपोर्ट- अनिल अकेला)

ये भी पढ़ें