Symbolic Photo
Symbolic Photo
यूपी के बांदा में एक अजीबोगरीब हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लुटेरी दुल्हन ने ऐसा कांड कर दिया कि उसने अपने ही पति को सदमे में डाल दिया है. दरअसल, दुल्हन पति के सो जाने पर शादी के दूसरे दिन ही कीमती जेवर और कैश लेकर रफूचक्कर हो गई. पीड़ित पति जब जगा तो पत्नी के न मिलने पर उसके होश उड़ गए. उसने काफी खोजबीन की. पता नहीं चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत चार के खिलाफ गंभीर धाराओ में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
शादी कराने के नाम पर लिए थे 50 हजार रुपए
मामला बिसंडा थाना क्षेत्र का है. जहां के रहने वाले पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करके जीवन यापन करता है. उसने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके बेटे की शादी कराने के लिए 50 हजार रुपए ले लिए, पैसा लेने के बाद उसने कहा कि दुल्हन फतेहपुर की है, वो लोग यही आ जाएंगे. यही शादी कराई जाएगी.
पूरे रीति-रिवाजों से हुई शादी
पीड़ित परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू की, जेवर व अन्य सामान खरीदना शुरू हुआ. पीड़ित ने दुल्हन और अपने लिए करीब 30 हजार के कपड़े भी खरीद डाले. 3 जनवरी को दुल्हन और उसके साथ कथित भाई और मौसी आए. मेहमान इकट्ठा हुए और अगले दिन पूरे रीति-रिवाजों से शादी हुई.
...और हो गया ठगी का शिकार
5 जनवरी तक सभी लोग यही रुके रहे. इसी दौरान अचानक उसके साथ कांड हो गया. पीड़ित सख्स गहरी नींद में सो गया. उसके बगल में सो रही दुल्हन और उसके साथ आए दोनों लोग भाग गए. उसने घर मे खोजबीन की तो जेवरात और कैश भी गायब मिले. गांव के रहने वाले व्यक्ति जिसने शादी कराई थी जब उसके घर गया तो वो भी लापता मिला. फिर उसने सभी को फोन मिलाया. सभी के नम्बर भी बन्द मिला. ठगी होने की चिंता पर थाना गया. वहां सुनवाई नहीं हुई तो डिप्टी एसपी के पास गया, जिसके बाद बिसंडा थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अधिकारी मामले में जांच कर रहे हैं. SHO राममोहन राय का कहना है कि मामले में खोजबीन की जा रही है, जांच करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट)