Banka News
Banka News
बिहार में जमुई की घटना के बाद अब बांका के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से भी युवक-युवती के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है. हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में एक युवती के साथ कुछ युवक कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते और चप्पल से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही है. इस हिसाब से घटना को करीब 22 दिन बीत चुके हैं. हालांकि, पुलिस को यह वीडियो 22 सितंबर को सोशल मीडिया सेल के माध्यम से मिला. जिसके बाद पुलिस टीम ने मंदार पहुंचकर वीडियो की सत्यता की जांच की.
6 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज-
मामले में बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने अपने बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार, 22 सितंबर को करीब 14:45 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से थाना अध्यक्ष के व्हाट्सऐप पर एक वीडियो प्राप्त हुआ. वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर वीडियो की पुष्टि और जांच के लिए थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे.
थाना अध्यक्ष के अनुसार, करीब 15 बजे पुलिस टीम मंदार पर्वत पहुंची और वायरल वीडियो का सत्यापन किया. जांच के दौरान वीडियो मंदार पर्वत का पाया गया. प्राथमिकी में कहा गया है कि वीडियो में छह अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार एवं अश्लील हरकत की जा रही थी. घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात भी प्राथमिकी में दर्ज है.
अब तक नहीं हो पाई है पहचान-
वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और युवती की पहचान के लिए पुलिस ने मंदार के आसपास के ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी व्यक्ति नवयुवक हैं. हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने तक किसी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी.
थाना अध्यक्ष के बयान के आधार पर बौंसी थाना में BNS की धारा 74, 75, 76, 3(5) तथा आईटी एक्ट 2000 की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच के लिए साक्ष्य के रूप में शामिल किया है.
गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी- पुलिस
मंदार पर्वत जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपित युवकों की पहचान करने में जुटी है. प्राथमिकी में संलग्न वायरल वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल तीनों अप्राथमिक अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी शीघ्र होने की संभावना है.
(दीपक कुमार की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: