dead body
dead body
बरेली से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शाही थाना क्षेत्र में शादी के दिन, बारात निकलने से कुछ घंटे पहले दूल्हे का शव आम के पेड़ से लटका मिला. जिस घर में शाम को शहनाइयां बजनी थीं, वहां सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया. परिवार और आसपास के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं.
शादी की तैयारियों के बीच हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सुभाषनगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मौर्य की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय थी. शनिवार शाम को बारात जानी थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. रिश्तेदार और मेहमान पहले से ही घर पहुंच चुके थे.
एक दिन पहले, यानी शुक्रवार को लग्न और सगाई का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ था. देर रात तक डीजे पर जश्न चलता रहा. मोहल्ले के कुछ लोगों की आपत्ति के बाद डीजे को मुख्य दरवाजे के पास शिफ्ट कर दिया गया था. बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे तक सभी लोग खुशियां मना रहे थे.
देर रात तक चला जश्न
परिवार के लोगों के मुताबिक, जश्न खत्म होने के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और कुछ रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया. सभी को यही लगा कि वह आराम करने गया है, क्योंकि अगले दिन शादी का बड़ा कार्यक्रम था. किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह खुशियों का यह माहौल मातम में बदल जाएगा.
सुबह पेड़ से लटका मिला शव
सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में एक आम के पेड़ से लटका हुआ है. यह खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों ने देखा कि शव एक पतली रस्सी से करीब छह फुट की ऊंचाई पर बंधा हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन को छू रहे थे. इस स्थिति को देखकर लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे और आत्महत्या की आशंका पर संदेह जताया जाने लगा.
परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता रामदास मौर्य ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है. उनका कहना है कि देवेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह अपनी शादी को लेकर बेहद खुश था. परिवार के अनुसार, देवेंद्र दो दिन पहले ही अपनी पसंद का कोट-पैंट खरीदकर लाया था. उसके हाथों में मेहंदी और शादी का कंगन भी मौजूद था. ऐसे में परिवार का कहना है कि वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या की आशंका के पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
(रिपोर्ट- कृष्णा गोपाल राज)
ये भी पढ़ें: