scorecardresearch

घर में 40 किलो चांदी, आधा किलो सोना... दामाद ने कर दिया खेल

बिजनौर के नहटौर में एक दामाद अपने ससुराल से चांदी और सोने के जेवर लेकर फरार हो गया. ससुर का सर्राफ का कारोबार है. दामाद घर से 40 किलोग्राम चांदी और आधा किलोग्राम सोना लेकर फरार हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.

Bijnor Crime Bijnor Crime

बिजनौर के नहटौर से कलयुगी रिश्तों और विश्वासघात की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक दामाद ने अपने ही ससुराल में करोड़ों की चोरी को अंजाम देने के लिए रिश्तों को कलंकित कर दिया और मूक-बधिर पत्नी और सांस ससुर को रात में नशीला पदार्थ सुंघाकर घर से करोड़ों रुपए के जेवर चोरी कर फरार हो गया.

पीड़ित परिवार ने क्या बताया?
नहटौर के मोहल्ला कैपथला निवासी सन्तोष वर्मा का सर्राफ का कारोबार है. मुख्य बाजार में ही उनकी सर्राफ की दुकान है. संतोष वर्मा सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखने का लाइसेंस भी लिया है. लोगों का सामान भी गिरवी रखते हैं.

​पीड़ित सन्तोष वर्मा ने बताया कि उनकी इकलौती पुत्री मूक-बधिर है, जिसके कारण उसकी शादी में काफी अड़चनें आ रही थीं. करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी का विवाह नवीन पुत्र कौशल (निवासी ग्राम कुम्हार पूरा) के साथ किया था. हालांकि नवीन की बुरी आदतों और चाल-चलन के कारण उसे कुछ माह ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया गया था.

माफी मांगी तो घर में दी जगह- फैमिली
संतोष वर्मा ने बताया कि करीब आठ दिन पहले नवीन वापस आया और अपनी गलतियों की माफी मांगते हुए ससुराल वालों से दोबारा साथ रहने की गुहार लगाई. ससुर ने मानवता के नाते उसे घर में जगह दी. लेकिन उसे क्या पता था कि वह आस्तीन का सांप पाल रहे हैं, जो एक दिन उन्हीं को डस लेगा. बीती रात नवीन ने धोखे से अपने सास, ससुर और अपनी ही पत्नी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वे गहरी नींद में सो गए. 

दामाद सोना-चांदी लेकर फरार-
फैमिली का कहना है कि इसके बाद नवीन ने घर में रखे करीब 40 किलो चांदी और आधा किलो सोने के जेवर के साथ-साथ लोगों के गिरवी रखे 300 ग्राम से ज्यादा सोने के जेवरों पर हाथ साफ किया और रातों-रात फरार हो गया.

​​पीड़ित परिवार के अनुसार ​सुबह जब परिजनों की आँख खुली और घर का नजारा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपी की तलाश शुरू करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

जांच में जुटी पुलिस-
सीओ धामपुर आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि संतोष वर्मा के घर चोरी की सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली पीड़ित से शिकायत मांगी गई और वही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई.

(संजीव शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: