
Chandrapur News
Chandrapur News
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया. हैरानी की बात यह है कि यह खौफनाक साजिश पूरे 3 साल तक दबी रही और आखिरकार खुद प्रेमी ने ही इसका पर्दाफाश किया. इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
ब्वॉयफ्रेंड ने खोल दिया मर्डर का राज-
भद्रावती के रहने वाले 30 साल के पुलिस कर्मचारी आशिष महेश शेडमाके ने 23 मार्च को रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. उसने अपनी प्रेमिका, महिला पुलिस कर्मचारी आर्या जयंत बल्लावार पर आरोप लगाया कि उसने अपने पिता, हेड कॉन्स्टेबल जयंत बल्लावार की जहर देकर हत्या की.
आशिष और आर्या के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. इस रिश्ते की भनक लगते ही आर्या के पिता इसका विरोध करने लगे और अक्सर दोनों के बीच विवाद व मारपीट होती थी. इसी तनाव ने खौफनाक साजिश को जन्म दिया.

5000 रुपए में लाया जहर-
हत्या की योजना बनाते हुए आशिष ने जहर की व्यवस्था के लिए अपने रिश्तेदार के नाबालिग बेटे की मदद ली. इसके बाद भद्रावती के रहने वाले 22 साल के चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम से संपर्क किया गया. 24 अप्रैल 2023 को चैतन्य ने कांच की बोतल में जहर लाकर दिया, जिसके बदले उसे 5000 दिए गए.
मिल्कशेक में पिता को पिलाया जहर-
25 अप्रैल 2023 को आर्या ने अपने पिता को मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया. जहर पीने के बाद जयंत बल्लावार ड्यूटी पर पहुंचे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के समय पुलिस ने केवल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था. जांच के दौरान आर्या ने पुलिस को झूठा बयान दिया, जिससे मामला ठंडे बस्ते में चला गया. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी खुद पुलिस विभाग से जुड़ी होने के कारण उस समय जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई.

प्रेमिका से बढ़ी दूरी तो प्रेमी ने खोला राज-
पुलिस जांच में सामने आया कि 2022 से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. साल 2023 में पिता की हत्या की गई. अगले 1–2 साल तक दोनों साथ रहे, बाद में आपसी विवाद बढ़ने पर आशीष ने सच्चाई उजागर कर दी. आरोपी आशीष और आर्या दोनों ही 2025 में चंद्रपुर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और हाल ही में उनकी ट्रेनिंग पूरी हुई थी.
गिरफ्त में 4 आरोपी-
रामनगर पुलिस ने इस मामले में आशिष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम, और एक नाबालिग के खिलाफ IPC की धारा 120(B), 302, 201 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. न्यायालय ने चारों को 1 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है. मामला पुलिस से जुड़ा है, लिहाजा पुलिस विभाग भी इस मामले को लेकर मीडिया से कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.
(विकास राजूरकर की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: