Youth Murdered in Delhi (Representative Photo)
Youth Murdered in Delhi (Representative Photo)
दिल्ली के नारायणा इलाके में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राजिंदर कुमार उर्फ अन्नू, सबूत मिटाने के आरोप में उसकी पत्नी कामिनी मुखीजा और बेटे लक्ष मुखीजा को गिरफ्तार किया है.
500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
17 अगस्त को नारायणा विहार में एक NGO की दीवार के पास एक अज्ञात युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला था. युवक के सिर और शरीर पर चोट के निशान थे. उसकी पहचान नहीं हो पाई थी. मौके से ईंट और मिट्टी के बर्तन जैसे सामान के टुकड़े भी मिले थे. नारायण पुलिस ने तुरंत उस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास एक संदिग्ध मारुति ईको दिखाई दी. पुलिस ने मारुति इको के रूट का ट्रैक किया. रूट ट्रैक करने पर पुलिस को ईको का नंबर मिल गया. इसके बाद पुलिस ने इको के मालिक राजिंदर कुमार को पकड़ लिया.
और कर दी हत्या
पूछताछ में राजिंदर ने कथित तौर पर बताया कि वह इको का ड्राइवर है और उसने गुरुग्राम के IFFCO चौक से मृतक को अपनी ईको में बैठाया था. नारायण विहार पहुंचते-पहुंचते दोनों के बीच 500 रुपयों को लेकर विवाद हो गया. मृतक 1,000 की बात कह रहा था जबकि वह किराया 1,500 रुपए मांग रहा था. किराये को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि इसी दौरान राजिंदर ने ईंट और मिट्टी के बर्तन जैसे सामान से हमला कर युवक की हत्या कर दी.
मृतक की पहचान करने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद राजिंदर ने अपनी पत्नी और बेटे को मौके पर बुलाया. आरोप है कि तीनों ने मृतक के कपड़े और जूते छिपाने तथा वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को छिपाने की कोशिश की. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लक्ष मुखीजा की निशानदेही पर मृतक के कपड़े और जूते, जबकि कामिनी मुखीजा की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मारुति ईको बरामद की गई है. पुलिस अभी मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है.