scorecardresearch

'मेरा 7 करोड़ का मकान, पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा...', वायरल वीडियो में बोला युवक

यूपी के गायिजाबाद में दो पड़ोसी कुत्ते को लेकर भिड़ गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक कहता है कि मेरा 7 करोड़ का मकान है. पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

Advertisement
Ghaziabad News Ghaziabad News

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक पालतू कुत्ते को कथित रूप से मारने की बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस तक पहुंच गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे को गाली और धमकी दे रहे हैं.

2 पड़ोसियों की लड़ाई का वीडियो वायरल-
वायरल वीडियो में एक युवक खुद के रसूख और संपत्ति का हवाला देते हुए महिला पक्ष को धमकाता दिखाई देता है. वीडियो में युवक को कहते हुए सुना जा सकता है कि मेरा 7 करोड़ का मकान है. पुलिस के मुंह में नोट भर दूंगा. वहीं, महिला भी जवाब देते हुए कहती है कि देख लूंगी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते नजर आते हैं.

क्यों हुआ विवाद?
वायरल वीडियो में मौजूद लोगों ने जब विवाद का कारण पूछा तो युवक शिकायत भरे लहजे में कहता है कि हमारे कुत्ते को क्यों मारा? वीडियो में युवक के साथ दो महिलाएं भी बहस करती दिखाई देती हैं. इनमें से एक महिला वीडियो बनाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराती है. पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा.

महिला ने थाने में की शिकायत-
मामले में अब पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कविनगर थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता सारिका त्यागी ने आरोप लगाया है कि 27 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे उनके पति के मोबाइल पर सहदेव चौधरी नामक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें धमकी दी और उसके बाद दोपहर करीब 12:50 बजे सहदेव चौधरी का पुत्र लक्ष्य चौधरी, आयुष और दूसरे कुछ  लोग उनके घर पहुंचे और जबरन घर में घुस आए. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने महिला, उनके बुजुर्ग सास-ससुर और बच्चों के साथ अभद्रता की. विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने पड़ोसियों के साथ भी हाथापाई की और पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है.

पुलिस के मुंह नोट भर दूंगा- 
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि लक्ष्य चौधरी ने अपने पिता के पुलिस में होने का हवाला देते हुए कहा कि वह पुलिस का मुंह नोटों से भर देगा और शिकायतकर्ता के पति का पुलिस से एनकाउंटर करा देगा. घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल-112 पर भी सूचना दी थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 352, 351(3) और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. वीडियो की सत्यता, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: