scorecardresearch

शौहर 70 का, बीवी 20 की... चौथा निकाह करने वाले बुजुर्ग पर दूसरी पत्नी के गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद में 70 साल के बुजुर्ग ने एक 20 साल की युवती से चौथा निकाह किया है. अब वो अपनी दूसरी पत्नी नाजरीन को घर से निकाल दिया है. नाजरीन का आरोप है कि उसका पति उसे जान से मारना चाहता है और उसकी प्रॉपर्टी हड़पना चाहता है.

Ghaziabad News Ghaziabad News

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र के कैला भट्टा मोहल्ले में रहने वाले सपा नेता और पूर्व पार्षद हाजी खलील एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. 70 साल की उम्र में 20 साल की युवती से चौथा निकाह किया है. इसके बाद उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन ने उत्पीड़न, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकियों जैसे गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस से शिकायत की है.

सपा नेता पर बीवी के गंभीर आरोप-
पूर्व पार्षद हाजी खलील की दूसरी पत्नी नाजरीन अपने बेटे के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचीं और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि  उसे मेहर में मिली जिस प्रॉपर्टी पर वो काबिज थी. उसपर उसका पति कब्जा करना चाहता है और मारने की धमकियां दे रहा है.

नाजरीन की आपबीती-
पीड़िता के अनुसार वर्ष 1991 में उनका निकाह हाजी खलील से हुआ था, लेकिन उस समय उन्हें यह नहीं बताया गया कि खलील पहले से शादीशुदा हैं और पहली पत्नी से उनके आठ बच्चे हैं. नाजरीन से भी खलील के तीन बच्चे हैं. जिसमें दो बेटियां और एक बेटा है.

खलील ने 20 साल की लड़की से चौथा निकाह किया-
महिला ने आगे बताया कि वर्ष 2010 में खलील ने तीसरा निकाह किया था, लेकिन संतान न होने पर उस पत्नी को तीन तलाक देकर अलग कर दिया. अब हाल ही में 20 साल की युवती यासमीन से चौथा निकाह कर उसे घर ले आए हैं, जिससे परिवार में विवाद और गहरा गया है.

प्रॉपर्टी हड़पना चाहता है पति- पीड़िता
नाजरीन का आरोप है कि नई पत्नी और खलील दोनों की नजर संपत्ति पर है और उसे अपने नाम कराने की साजिश रची जा रही है. विरोध करने पर न केवल उन्हें और उनके बेटे को घर से निकाल दिया गया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई. महिला ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस का क्या कहना है?
दूसरी पत्नी नाजरीन द्वारा पुलिस अधिकारियों से की गई शिकायत को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

मामला कोर्ट में- हाजी खलील
मामले में शिकायत को लेकर पूर्व पार्षद हाजी खलील का कहना है कि महिला नाजरीन से उसका संपत्ति के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है, जो कोर्ट में है. महिला को कोर्ट में साबित करना है कि वह उनकी पत्नी है.

हाजी खलील क्षेत्र के पुराने सियासी चेहरे रहे हैं और वर्ष 1995 व 2000 में इस्लामनगर वार्ड से पार्षद रह चुके हैं. हालांकि उनके खिलाफ पूर्व में नगर निगम की करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप भी लग चुके हैं.

(मयंक गौर की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: