scorecardresearch

Ghaziabad News: 20 रुपए के विवाद में दोस्त को चाकू घोंपकर मार दिया था, चल रहा था फरार, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस ने 20 रुपए को लेकर हुए विवाद में दोस्त की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई. आरोपी के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद की है.

Advertisement
Accused in police custody Accused in police custody

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में 20 रुपए को लेकर हुए विवाद में दोस्त की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है.

19 अगस्त को विक्रम एन्क्लेव की बंगाली कॉलोनी में 20 रुपए को लेकर हुए विवाद के दौरान समीर उर्फ गट्टू ने 23 वर्षीय मुश्ताक पर चाकू से हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल मुश्ताक को उपचार के लिए दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी.

और पुलिस को देख भागने लगा
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को शालीमार गार्डन क्षेत्र में डीएवी कट के पास पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान वजीराबाद रोड की ओर से बाइक पर आए एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया. पीछा करने के दौरान टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली में बाइक कूड़े के ढेर से टकराकर गिर गई.

पुलिस टीम पर की फायरिंग 
पुलिस का दावा है कि बाइक गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घायल अवस्था में आरोपी को उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई. पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान समीर उर्फ गट्टू पुत्र अहसान, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है.

कई आपराधिक मुकदमे हैं दर्ज 
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में बलवा, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और हत्या समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने के संबंध में भी आरोपी के खिलाफ अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.