Gonda News
Gonda News
उत्तर प्रदेश के गोंडा में पुलिस ने पूजा पाठ और तंत्र मंत्र के सहारे ठगी करने वाले एक बहुरूपिए गैंग का खुलासा किया है. पुलिस ने 5 ठगों को भी गिरफ्तार किया है. ये गिरोह लोगों को धार्मिक कर्मकांड के बहाने जाल में फंसाता था और कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था. इस गिरोह ने गोंडा की एक फैमिली को लूटा था. लेकिन अब ये गिरोह पुलिस की गिरफ्त में है.
सोना-चांदी और कीमती सामान की ठगी-
गोंडा के एक सुनार ने इस गिरोह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के मुताबिक शिव शक्ति ज्योतिष एवं आध्यात्मिक अनुसंधान केंद्र ने धोखाधड़ी की है. पीड़िता के मुताबिक तंत्रमंत्र के बहाने 750 ग्राम सोना,750 ग्राम चांदी और 2 लाख रुपए की ठगी की.
करीब 2 लाख कैश बरामद- पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1,99,500 रुपए नगद, भारी मात्रा में पीली और सफेद धातु के आभूषण, 5 अदद कूटरचित निर्वाचन पहचान पत्र, मोबाइल फोन, कूटरचित रजिस्ट्रेशन नम्बर लगी आई-10 कार बरामद किया गया है. पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है.
42 दिन तक ऑफिस में पूजा पाठ-
शिकायत में सुनार ने बताया था कि दैनिक समाचार पत्र के साथ आए एक पर्चा आया था. जिसमें समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था और नंबर दिया गया था. जब सुनार ने उस नंबर पर फोन मिलाया तो उसे गोंडा नगर स्थित कार्यालय शिव शक्ति ज्योतिष एवं आध्यात्मिक अनुसंधान केंद्र पर बुलाया गया. इसके बाद 2 लोगों ने पूजा पाठ के नाम पर उनसे कुछ सामान मंगवाए. इसके बाद 42 दिन तक ऑफिस में ही पूजा-पाठ किया गया.
फिर घर पर तांत्रिक अनुष्ठान-
27 मार्च से 30 मार्च 2026 तक पीड़ित के घर पूजा-पाठ किया गया. इस दौरान पीड़ित से घर और दुकान से करीब 750 ग्राम सोने के जेवरात, 750 ग्राम चांदी और अन्य धातुएं मंगवाई गई और उसे एक डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद इस डिब्बे को पूजा स्थल पर रख दिया गया. इसके बाद कथित कलश में काला सांप दिखाकर पीड़ित और उसके परिवार को डरा दिया. इसके बाद भगवान नाराज हैं, ये कहकर सबको कमरे से बाहर भेज दिया. इसके बाद पीड़ित से 2 लाख रुपए लेकर चले गए. तांत्रिकों ने परिवार को पूजा स्थल के आसपास नहीं जाने की हिदायत दी. फैमिली को बताया गया कि 21 दिन बाद कलश को खोला जाएगा.
सोना-चांदी, पैसा लेकर गायब हो गए ठग-
जब काफी दिनों तक कोई वापस नहीं आया तो फैमिली ने फोन किया तो किसी ने फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद फैमिली को शक हुआ. फैमिली ने कमरे के दरवाजा खोला तो पाया कि पूजा स्थल से सोना-चांदी और कीमती सामान गायब है. इसके बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी-
जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो कार्रवाई शुरू हुई. पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन लोगों ने बहराइच और गोंडा में कई लोगों को अपना शिकार बनाया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के नमशेर, मेरठ के हसरत अली, इमरान, इन्साद और तोहिद के तौर पर हुई है.
(अंचल श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: