scorecardresearch

Gorakhpur News: 15 लाख दहेज देकर की थी बेटी की शादी, दूल्हा निकला फर्जी IAS, दुल्हन की विदाई के बाद खुली पोल, वधू को बेचने की थी तैयारी

एक पिता ने 15 लाख रुपए दहेज देकर अपनी बेटी की शादी IAS से की थी लेकिन दूल्हा फर्जी IAS निकल गया. पिता ने बताया कि बेटी की विदाई के बाद इस फर्जीवाड़ा की पोल खुली. उन्होंने बताया कि मेरी बेटी को दूल्हा और उसके घरवालों ने बेचने की तैयारी कर रखी थी. लड़की गोरखपुर की रहने वाली है जबकि फर्जी IAS दूल्हा इटावा का रहने वाला है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

 Symbolic Photo Symbolic Photo

एक पिता के लिए इससे सबसे बड़ी खुशी कि बात क्या होगी कि उसकी बेटी की शादी IAS अधिकारी से हो रही हो लेकिन दूल्हा फर्जी IAS निकल जाए तो फिर पिता पर क्या गुजरेगी. दरअसल, गोरखपुर में फर्जी आईएएस बनकर इटावा के युवक ने शादी रचा ली. गोरखपुर के नंदा नगर इलाके में एक मैरिज लॉन में बड़े धूमधाम से यह शादी हुई. शादी में दुल्हन के पिता ने 15 लख रुपए दहेज सहित कुल 30 लाख रुपए खर्च किए लेकिन जब बेटी की विदाई हुई तो युवक के इस फर्जीवाड़ा की पोल खुल गई. बेटी ने अपने पति की सच्चाई जानने के बाद अपने पिता को फोन किया और बेटी के फोन के बाद पूरा परिवार इटावा पहुंच गया. जैसे ही परिवार इटावा पहुंचा दूल्हा और उसकी बहन परिजनों को देखकर फरार हो गए. 

मेरी बेटी को कहीं बाहर बेचने की थी तैयारी 
पिता ने गोरखपुर के कैंट थाने में तहरीर देकर यह बताया कि मुझसे मेरी बेटी ने कहा कि विदाई के बाद पूरे रास्ते भर दूल्हा उससे छेड़छाड़ करता रहा. दुल्हन के पिता ने पुलिस को बताया कि हम लोग यदि इटावा नहीं पहुंचते तो मेरी बेटी को कहीं बाहर बेचने की तैयारी में भी दूल्हा था. दूल्हा का पूरा परिवार मिलकर बेचने की तैयारी कर रहे थे. पिता के कैंट थाने में तहरीर देने के बाद लुधियात इकदिल मोहल्ले के प्रीतम निषाद और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है.

ऐसे लिया परिवार को विश्वास में
कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर के निवासी अपनी बेटी की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे. उसी समय निषाद विवाह ग्रुप के माध्यम से उनकी मुलाकात प्रीतम कुमार निषाद पुत्र शिवपाल सिंह निषाद का बायोडाटा मिला, जो आईएएस था. जब परिवार से संपर्क हुआ तो प्रीतम ने खुद को आईएएस ही बताया. अपनी तैनाती के बारे में बताते हुए कहा कि मनिकपुर में उसकी तैनाती है और परिवार को विश्वास में लेने के लिए न्यूज चैनल पर दिए गए कथित इंटरव्यू, ऑफिस और कुछ नेताओं के साथ अपनी फोटो और वीडियो भी भेजी थी. फिर परिवार के लोगों ने ज्यादा छानबीन नहीं की इस डर से कि कहीं कोई शादी काट न दे.

दूसरा विश्वास उसने यह कह कर जीता की बिना दहेज के शादी करेगा लेकिन लड़की पसंद आनी चाहिए. हालांकि सगाई से पहले उसने शादी में खर्च के नाम पर 15 लाख रुपए की मांग कर दी और मजबूरी में सगाई के दिन दुल्हन के पिता ने 10 लाख रुपए नगद दे दिए और ₹500000 तिलक के दिन दे दिए. इसके बाद फर्जी आईएएस दूल्हे ने कहा कि घर गृहस्ती का सारा सामान बाद में दीजिएगा क्योंकि उसकी पोस्टिंग बाहर रहती है.

ऐसे खुला राज
11 मार्च 2026 को नंदा नगर स्थित मैरिज लॉन में धूमधाम से शादी हुई. पीड़ित ने करीब 30 लाख रुपए खर्च कर दिए. बारातियों को ठहरने के लिए मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में अच्छी व्यवस्था कर दी. पिता ने बताया कि यह फर्जी आईएएस पहले भी दो शादियां कर चुका है. 12 मार्च को मेरी लड़की की विदाई होने के बाद शादी में आए हुए एक व्यक्ति से जानकारी मिली कि युवक IAS नहीं है. इसके बाद परिजन बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां एक छोटे से कमरे में उनकी बेटी मिली.

आरोपी प्रीतम और उसकी बहन देखते ही मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों से पूछताछ में मामला खुला कि आरोपी ने पहले भी दो शादियां फर्जी पहचान के आधार पर कर ली है. दुल्हन बनाकर गई युवति अपने पिता के घर लौटने के बाद बताया कि आरोपी उसे बाहर ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था. अभद्र व्यवहार भी कर रहा था. पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी एक शातिर जालसाज है, जो फर्जी पद और दस्तावेज के जरिए लोगों को अपनी जाल में फंसाता है. वह कई लड़कियों के तस्करी में शामिल हो सकता है. इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है. परिवार के द्वारा लगाए गए सभी आरोपी की जांच पुलिस कर रही है और आरोपियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी.

(गजेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट)