scorecardresearch

Ahmedabad-Gorakhpur Express Train: सीट देने के बहाने TTE ने चलती ट्रेन में युवती के साथ की ऐसी घिनौनी करतूत, फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम घोषित

अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में TTE ने एक युवती के साथ  घिनौनी करतूत की है. सीट दिलाने के बहाने युवती को कैबिन में ले जाकर रेप किया है. घटना के बाद टीटीई फरार है. उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसपर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है. 

Symbolic Image Symbolic Image

अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में TTE ने एक एनसीसी कैडेट युवती के साथ रेप किया. यह युवती परीक्षा देने मऊ गई थी. लौटते समय भीड़ ज्यादा होने के कारण टिकट नहीं ले सकी. वह एसी कोच में खड़ी थी. टीटीई ने सीट दिलाने के बहाने युवती को केबिन में ले गया. इसके बाद युवती के साथ रेप किया. एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि युवती के शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है. पकड़े जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

टिकट बनाने और सीट देने के बहाने बुलाया केबिन में 
घटना रविवार की है. युवती अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन से मऊ से गोरखपुर आ रही थी. भीड़ काफी होने से टिकट नहीं ले पाई और एसी फर्स्ट कोच ट्रेन में चढ़ गई.उसने पहले TTE से बात किया टिकट बनाने के लिए ताकि सीट मिल जाए. TTE ने टिकट बनाने और सीट देने के बहाने केबिन में बुलाया. पहले युवती के बारे पूछताछ की फिर केबिन बंद कर अश्लील हरकत करने लगा. विरोध करने धमकी दी. फिर युवती के साथ रेप किया. युवती के साथ घटना इंदारा व देवरिया के बीच हुआ. युवती ने इसकी सूचना 112 पर दी तो TTE देवरिया में ट्रेन से उतर कर फरार हो गया.

युवती ने लगाए आरोप
जीआरपी पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवती ने तहरीर दिया है. उसने बताया कि वे मऊ जिले की रहने वाली है. वह गोरखपुर में किराए पर रहकर भर्ती की तैयारी कर रही है. वह एनसीसी का 'सी' सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी. परीक्षा के बाद जब वह लौट रही थी, तब स्टेशन पर ज्यादा भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले सकी. ट्रेन में चढ़ने के बाद वह एसी कोच में खड़ी थी. इसी दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की. टीटीई ने पहले उसका नाम-पता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी पूछी. जब उसे पता चला कि वह एनसीसी कैडेट है और गोरखपुर में तैयारी कर रही है. युवती को उम्मीद थी कि बिना टिकट होने पर नियम के अनुसार उससे जुर्माना लेकर सीट दे दी जाएगी. लेकिन युवती का आरोप है कि टीटीई ने उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और एसी प्रथम श्रेणी के कोच में अपने केबिन में ले गया.

112 पर फोन कर पुलिस को दी सूचना 
युवती का आरोप है कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया. फिर TTE ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी. पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया. एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है. मामला बाद में देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है. फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है.

(गजेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट)