scorecardresearch

SSB जवान बना पत्नी का कातिल! चरित्र पर संदेह के चलते गला घोंटकर की हत्या, रातभर शव के पास सोया, 12 साल की बेटी ने खोला मां की मौत का राज

एक SSB जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है. वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था. पत्नी की हत्या करने के बाद शव हार्ट अटैक बताकर गांव ले गया था. 12 साल की बेटी ने मां की हत्या का राज खोला. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Advertisement
symbolic photo symbolic photo

ग्वालियर में एक SSB जवान पर पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है. पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते हुए विवाद में जवान ने कथित तौर पर पहले पत्नी को जमीन पर पटका और फिर सीने पर पैर रखकर उसका गला घोंट दिया. हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के पास ही सोता रहा. सुबह शव को गाड़ी में रखकर भिंड स्थित अपने पैतृक गांव ले गया और ससुराल पक्ष को हार्ट अटैक से मौत होने की सूचना दे दी. इतना ही नहीं, परिजनों और अपनी 12 वर्षीय बेटी को भी मुंह बंद रखने के लिए धमकाया, लेकिन बेटी ने चुपके से अपने मामा को मां की हत्या की पूरी कहानी बता दी. इसके बाद मामले का पर्दाफाश हुआ और पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.

करवाचौथ मनाने आया था घर 
दरअसल, यह सनसनीखेज मामला ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी का है. आरोपी ज्ञान सिंह जाटव SSB में आरक्षक है और उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में बताई गई है. वह 27 अक्टूबर को करवाचौथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था. यहां पत्नी रिंकी जाटव और बच्चे रहते थे.पुलिस से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी के पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे. इलाज के बाद रिंकी ने अपने पति से ससुर को वापस भिंड छोड़ आने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात वापस घर लौटा. उस समय रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी. इसी बात को लेकर आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह जताते हुए विवाद शुरू कर दिया.

और बढ़ गया इतना विवाद
आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि ज्ञान सिंह ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने पर पैर रखकर गला घोंट दिया. इस दौरान घर में मौजूद बच्चे भी पूरी घटना के गवाह बने. मां की हत्या के बाद आरोपी ने बच्चों को भी धमकाया कि यदि किसी को कुछ बताया तो उनके साथ भी ऐसा ही करेगा. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी के शव के साथ रातभर उसी कमरे में सोता रहा. सोमवार सुबह करीब 6 बजे उसने शव को गाड़ी में रखा और भिंड जिले के अटेर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव छौंदा पहुंच गया.

इस तरह कर दी पत्नी की हत्या
गांव पहुंचने के बाद आरोपी ने पत्नी के मायके पक्ष को फोन कर बताया कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है, लेकिन शव पर चोटों के निशान और घुटनों पर गंभीर चोट देखकर मायके पक्ष के लोगों को संदेह हुआ. जब परिजनों ने सवाल किए तो आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया और चुप रहने की धमकी दी. आरोपी ने अपनी 12 वर्षीय बेटी को भी किसी को कुछ नहीं बताने की चेतावनी दी थी. इसके बावजूद बेटी ने हिम्मत दिखाई और चुपके से अपने मामा सचिन जाटव को पिता की करतूत बता दी. बेटी ने बताया कि पिता ने मां को जमीन पर पटककर सीने पर पैर रखा और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी.

मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को दी सूचना 
बेटी के खुलासे और परिजनों के संदेह के बाद हत्या का मामला सामने आया. मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. अंतिम संस्कार की तैयारी रुकवाई गई. इसके बाद परिजन शव को लेकर ग्वालियर पहुंचे और मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई. मुरार थाना पुलिस ने ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्वालियर लाया गया.