scorecardresearch

पत्नी ने नहीं दिया पैसों का हिसाब तो पति ने 7 माह की गर्भवती पत्नी को डंडे से पीटकर मार डाला, बहू को बचाने गई सास को भी पीटा, अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक सिरफिरे पति ने महज 2000 रुपये के मामूली हिसाब-किताब के चक्कर में अपनी 7 महीने की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी.

Advertisement
Husband beats seven month pregnant wife Husband beats seven month pregnant wife
हाइलाइट्स
  • हरदोई में पैसों को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद

  • बचाने पहुंची सास को भी पीटा

हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के न्योरा गांव में पैसों को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी 7 माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान करीब 23 वर्षीय किरन के रूप में हुई है. आरोप है कि पति विशाल पाल ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की. बहू को बचाने पहुंची सास प्रेमा को भी उसने पीटकर घायल कर दिया. गंभीर हालत में किरन को बिलग्राम CHC ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद फरार हुए विशाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

दो दिन पहले मिले पैसों का हिसाब मांग रहा था
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम विशाल अपनी पत्नी से पैसों को लेकर विवाद करने लगा. सास प्रेमा के अनुसार, किरन ने बताया था कि उसके पास करीब 2 हजार रुपए हैं. विशाल इन पैसों का हिसाब मांग रहा था और पूछ रहा था कि राशन या घर का सामान क्यों नहीं खरीदा गया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विशाल ने किरन को डंडे से पीटना शुरू कर दिया.

प्रेमा ने बेटे को रोकने की कोशिश की तो उसने अपनी मां को भी धमकाया और मारपीट की. प्रेमा का कहना है कि विशाल ने उसे पहले भी पीटा था और उसका हाथ तोड़ दिया था. उसके मुताबिक, वह अपने पिता और बहन के साथ भी मारपीट कर चुका है.

बहू को बचाने गई सास को भी पीटा
प्रेमा ने बताया कि जब विशाल किरन को पीट रहा था तो वह बहू को बचाने पहुंची. आरोप है कि विशाल ने उसे धक्का देकर दरवाजे से बाहर कर दिया. इसके बाद वह मदद के लिए आसपास के लोगों के पास गई, लेकिन डर की वजह से कोई घर के अंदर जाने को तैयार नहीं हुआ. उसने पड़ोस की महिला से भी मदद मांगी, लेकिन विशाल ने उसे भी घर से चले जाने को कह दिया. प्रेमा के मुताबिक, वह 11 साल की बच्ची को लेकर मदद के लिए इधर-उधर दौड़ती रही. आखिरकार उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने तक किरन गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी.

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की शाम करीब 5 बजे डायल 112 पर घटना की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और किरन को इलाज के लिए बिलग्राम CHC भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है.

स्थानीय पुलिस कर रही जांच
हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी पति विशाल पाल को हिरासत में लिया गया है. पुलिस को तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी. मृतका और विशाल की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी. दोनों की एक साल की बेटी भी है और किरन सात माह की गर्भवती थी.

ये भी पढ़ें: