Symbolic Photo
Symbolic Photo
लखनऊ में नीट की तैयारी करने आई वाराणसी की रहने वाली प्रिया (बदला नाम) की कहानी सुनकर रूह कांप उठती है. चिनहट इलाके में किराए का कमरा लेकर गोमतीनगर कोचिंग जाने वाली छात्रा को एक कैब ड्राइवर ने पहले दोस्ती के जाल में फंसाया, फिर प्यार का नाटक रचा और भरोसे को हथियार बना लिया. आज वही युवती नवजात बेटी के साथ इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है. आइए पूरी कहानी जानते हैं.
बेसुध हालत में किया दुष्कर्म
प्रिया का आरोप है कि जुलाई 2023 में कैब ड्राइवर आदित्य यादव से उसकी मुलाकात हुई. रोजाना लाने-ले जाने के बहाने बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी. एक दिन बहाने से कमरे पर ले जाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया. बेसुध हालत में दुष्कर्म किया. प्रिया ने बताया कि उसे जब होश आया तो मालूम चला कि उसकी इज्जत लूट चुकी है.
...तो रखा शादी का प्रस्ताव
एक माह बाद प्रेग्नेंसी का पता चला तो आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रख दिया. भरोसे में लेकर चंद्रिका देवी मंदिर में दो दोस्तों की मौजूदगी में शादी की बात कही. प्रिया ने बताया कि आदित्य अपने परिवार से मिलवाने के नाम पर टालमटोल करता रहा, लेकिन साथ रहने और इलाज कराने का भरोसा देता रहा. बेटी के जन्म के बाद कुछ दिन साथ रहा, फिर दवा लेने का बहाना बनाकर गायब हो गया.
फिर अचानक हो गया फरार
2 फरवरी को निजी अस्पताल में बेटी को जन्म देने के बाद आरोपी ने उसे नौबस्ता में किराए के कमरे में रखा. तीन दिन तक पति की तरह साथ रहा और फिर अचानक फरार हो गया. फोन स्विच ऑफ, दोस्तों ने ब्लॉक कर दिया और जब संपर्क हुआ तो कथित तौर पर कहा कि तुम मेरी पत्नी नहीं हो, अपनी बेटी के साथ जाकर मर जाओ. मां-बेटी के सामने अब दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा है. पीड़िता ने चिनहट थाने, एसीपी विभूति खंड और 18 फरवरी को ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार से शिकायत की है. एसएचओ दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.