symbolic photo
symbolic photo
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 17 साल की नाबालिग की उसकी मां और मामा ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी बिना पोस्टमार्टम कराए ही नाबालिग का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस को सूचना मिल गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने नाबालिग की मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया है. पिपलानी थाना केस के विवेचक संतोष रघुवंशी के मुताबिक, करीब छह महीने पहले नाबालिग की मां ने उसकी शादी के लिए एक रिश्ता तय कर सगाई पक्की कर दी थी. हालांकि, नाबालिग इस शादी के लिए तैयार नहीं थी. बताया जा रहा है कि वह किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी. इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद चल रहा था.
और बढ़ गया विवाद
घटना वाले दिन मां ने नाबालिग के मोबाइल फोन में एक युवक की तस्वीरें देख लीं. इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मां ने अपने भाई विजय राय के साथ मिलकर नाबालिग का दुपट्टे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
मां और मामा गिरफ्तार
घटना के बाद परिजन नाबालिग के शव का बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे. इसी दौरान पुलिस को मामले की सूचना मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मां कमला तथा मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. मामले में हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
(भोपाल से धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट)