scorecardresearch

Delhi Crime News: सब्जी बनाने को लेकर हुई कहासुनी! पति ने पत्नी को मार दी गोली, मौके पर ही हो गई मौत, दिल्ली से हैरान करने वाला मामला

दिल्ली के तिगड़ी इलाके में सब्जी बनाने को लेकर पति और पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि कहासुनी के दौरान पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी. गोली लगने से पूनम की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
Police present at the scene Police present at the scene

Husband Shoots Wife Over Dispute About Cooking Vegetables: दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र से रिश्तो को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां पर एक पति ने अपनी पत्नी की महज सब्जी बनाने को लेकर हुई कहासुनी में गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद पड़ोसियों ने आरोपी पति को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

देसी कट्टे से मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को घर में सब्जी बनाने को लेकर कथित तौर पर पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने देसी कट्टा निकाला और अपनी पत्नी पर गोली चला दी. आरोपी पति की पहचान कमलेश के रूप में हुई है जबकि मृतक पत्नी की पहचान पूनम के रूप में हुई है.   

आसपास के लोगों को सुनाई दी गोली की आवाज
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोली चलने जैसी तेज आवाज सुनाई देने के बाद उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया. काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया. इसी दौरान घर के अंदर पूनम के तीन बच्चे लगातार रो रहे थे. पड़ोसियों ने जब बार-बार दरवाजा खोलने को कहा तो कुछ देर बाद दरवाजा खुला.

लोगों को किया गुमराह
गोली मारने के बाद पति लोगों को गुमराह करने लगा कि उसकी पत्नी पूनम ने खुद गोली मारी है. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ. लोगों ने तुरंत उसको पकड़ लिया और फिर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमलेश को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से देसी कट्टा बरामद कर लिया है. पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान आरोपी पति कमलेश नशे में था. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को इस संबंध में तिगड़ी थाने को सूचना मिली थी कि फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक महिला को गोली लगी है.