आरोपियों को थाने से मंदिर लेकर जाती पुलिस.
आरोपियों को थाने से मंदिर लेकर जाती पुलिस.
जयपुर में मंदिर में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को उस वक्त अपने किए पर पछताना पड़ा, जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद नंगे पांव मंदिर तक पैदल परेड करवाई. चोरी के बाद फरार रहने वाले दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद लड़खड़ाते कदमों से बांडी नदी बालाजी मंदिर पहुंचे. मंदिर पहुंचते ही दोनों ने हनुमान मंदिर में भगवान के सामने हाथ जोड़कर अपने किए कर्मों के लिए माफी मांगी. यह पूरा घटनाक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए.
सीसीटीवी में कैद हो गई थी चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार बीते 6 अगस्त को बांडी नदी बालाजी मंदिर में रात के समय चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर मंदिर में घुसे और चांदी के छत्र, मुकुट सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए. चोरी की वारदात मंदिर से में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. लगातार जांच के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल और मनीष वर्मा को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. वहीं चोरी का सामान खरीदने के आरोप में अकबर नाम के एक शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है.
दिन में मंदिरों में दर्शन के नाम पर करते थे रेकी
आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने थाने से मंदिर तक आरोपियों को पैदल नंगे पांव परेड भी करवाई. आरोपियों की पैदल परेड के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे लगाए. कई लोगों ने पुलिसकर्मियों का माला पहनाकर स्वागत किया और चोरी का खुलासा करने पर उनका धन्यवाद भी किया. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए उन्हें पैसों की जरूरत होती थी. इसके लिए वे दिन के समय अलग-अलग मंदिरों में दर्शन के नाम पर रेकी करते थे और रात को वापस आकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं.